धोनी पर दो वनडे मैचों का प्रतिबंध
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर धीमी ओवर गति के कारण दो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया है.
उनकी जगह वीरेंदर सहवाग कप्तानी करेंगे.
धोनी पर ये प्रतिबंध शुक्रवार को नागपुर में श्रीलंका के ख़िलाफ़ दूसरे वनडे मुक़ाबले में धीमी ओवर गति के कारण लगा है. आख़िरी ओवरों में भारतीय खिलाड़ियों के बीच कई मर्तबा विचार-विमर्श के चलते ये रोमांचक मुक़ाबला निर्धारित समय से 45 मिनट देरी से खत्म हुआ था.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी के मैच रेफरी न्यूज़ीलैंड के जेफ़ क्रो ने धीमी ओवर गति पर कड़ा रुख़ अपनाते हुए भारतीय कप्तान के ख़िलाफ़ दो मैचों का प्रतिबंध लगा दिया.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, "धोनी पर दो मैचों का प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन बोर्ड को अभी इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है."
स्पष्टता नहीं
हालँकि अभी ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि दो मैचों का प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू होगा या नहीं.
आईसीसी का फ़ैसला अगर तत्काल प्रभाव से लागू होता है तो ये भारत के लिए बड़ा झटका होगा. श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में अभी तीन मुक़ाबले और खेले जाने हैं और ज़बर्दस्त फ़ॉर्म में चल रहे धोनी का अगले दो मैचों में न खेल पाने से मेजबान टीम को नुक़सान होगा.
पाँच मैचों की वनडे सिरीज़ अभी 1-1 की बराबरी पर है. भारत ने राजकोट में पहला मुक़ाबला तीन रन से जीता था, लेकिन श्रीलंका ने नागपुर में रोमांचक मुक़ाबले में तीन विकेट से जीत दर्ज कर बराबरी हासिल कर ली.
अगर धोनी पर प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू होता है तो 21 दिसंबर को कटक और 24 दिसंबर को कोलकाता में होने वाले वनडे मुक़ाबलों में मेजबान टीम की कमान बाएँ हाथ के बल्लेबाज़ गौतम गंभीर को सौंपी जा सकती है.
इस बारे में बीसीसीआई ने आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की है. राजीव शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा, "बोर्ड को जब प्रतिबंध की आधिकारिक जानकारी मिलेगी, उसके बाद ही अगले वनडे मुक़ाबलों में कप्तानी पर फैसला हो सकेगा."
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
