UAE में T20 विश्व कप 2021 से पहले IPL के बचे हुए मैच कराने पर भड़के मार्क बाउचर, जानें क्या कहा
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से कोरोना वायरस की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए इस साल भारत में आयोजित होने वाले टी20 विश्व कप को संयुक्त अरब अमीरात और ओमान की संयुक्त मेजबानी में शिफ्ट कर दिया गया है। आईसीसी ने भले ही मैचों का शेड्यूल नहीं जारी किया है लेकिन यह साफ कर दिया है कि टूर्नामेंट का पहला मैच 17 अक्टूबर से खेला जायेगा जबकि फाइनल मैच 14 नवंबर को आयोजित होगा। वहीं बीसीसीआई ने न सिर्फ टी20 विश्व कप को यूएई में शिफ्ट किया है बल्कि आईपीएल के 14वें सीजन के बचे हुए 31 मैचों को भी यहां कराने का फैसला किया है जिसका आगाज 19 सितंबर से होगा तो लीग का फाइनल 15 अक्टूबर को खेला जायेगा।
इस बीच साउथ अफ्रीकी टीम के पूर्व कप्तान और मुख्य कोच मार्क बाउचर ने यूएई में होने वाले विश्व कप से पहले आईपीएल के बचे हुए मैचों का आयोजन कराने पर नाराजगी जताई है। मार्क बाउचर का मानना है कि विश्व कप से पहले आईपीएल का आयोजन कराने से वहां पिचों पर काफी असर पड़ेगा और पिच टूट जाने के चलते मैदान स्पिनर्स के फेवर में हो जायेंगे।
और पढ़ें: IPL 2021 के बचे हुए मैचों का आयोजन हुआ मुश्किल, यूएई में टीमों के सामने आई नई चुनौती

आईपीएल के चलते टूट जायेंगी पिच
मार्क बाउचर की टीम ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ समाप्त हुई 5 मैचों की टी20 सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया है। टी20 विश्व कप को लेकर बात करते हुए मार्क बाउचर का मानना है कि ग्रेनाडा में यूएई से मिलती जुलती परिस्थितियां ही मिलेंगी जो कि स्पिनर्स के लिये मददगार और बल्लेबाजों के लिये मुश्किलें पैदा करने वाली होंगी।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए मार्क बाउचर ने कहा,'हमें यूएई में भी ऐसी ही परिस्थितियों में क्रिकेट खेलना होगा जहां पर आईपीएल के आयोजन के बाद पिच थोड़ी सूखी नजर आयेगी। यह पिच साउथ अफ्रीकी मैदानों की तरह नहीं होगी जहां पर जाकर आप 180-200 रन बना दें। आपको यहां पर काबिलियत के साथ चतुराई से भी खेलना होगा।'

विश्वकप में दिखेंगे लो स्कोरिंग मैच
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई इस सीरीज के हर मैच में स्कोर 160 से 170 के बीच ही देखने को मिला है। मार्क बाउचर का मानना है कि टी20 विश्व कप के दौरान यह पार स्कोर रहने वाला है और फैन्स को ज्यादा हाई स्कोरिंग मैच देखने को नहीं मिलेंगे।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि यूएई में हमें स्कोर नीचे की ओर जाता ही नजर आयेगा। यूएई में बहुत स्टेडियम नहीं हैं और वहां पर पहले आईपीएल होने जा रहा है। आईपीएल की वजह से यह मैदान पूरी तरह से टूट चुका होगा जब विश्वकप शुरू होगा। जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा बल्लेबाजों के लिये रन बनाना मुश्किल हो जायेगा जैसा हमने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में देखा। हमें आईपीएल देखकर यह आइडिया मिल जायेगा कि विश्व कप में कितना स्कोर बनने वाला है और मुझे लगता है कि स्पिनर्स इस विश्व कप में बड़ा रोल अदा कर सकते हैं।'

ऐसी टीम के साथ विश्व कप में उतर सकती है साउथ अफ्रीका
मार्क बाउचर ने इसके साथ ही साफ किया कि टी20 विश्व कप में साउथ अफ्रीका टीम 5 स्पेशलिस्ट बल्लेबाज, 2 ऑलराउंडर, 2 स्पिनर और 2 तेज गेंदबाजों के साथ टीम बना सकती है। साउथ अफ्रीकी कोच का मानना है कि टी20 विश्व कप के लिये उनकी टीम के लोअर ऑर्डर में भी बल्लेबाजी का दम होना जरूरी है तभी ऐसी पिचों पर जीत हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा,'हम कोशिश करेंगे कि एक ऐसी टीम के साथ उतरें जिसका लोअर ऑर्डर भी रनों से योगदान से सके क्योंकि ऐसी परिस्थितियों में 15-20 अतिरिक्त रन आपकी टीम को सुरक्षित स्थिति में पहुंचा देते हैं और विपक्षी टीम के लिये यह रन आखिर में बहुत भारी हो जाते हैं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
