मैदान में वापसी करते ही गुप्टिल ने जड़ा शतक, न्यूजीलैंड के हाथों 8 विकेट से हारा बांग्लादेश
नई दिल्ली। मार्टिन गुप्टिल भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज से चोट के चलते बाहर हो गए थे। क्रिकेट के छोटे फार्मेट का यह धाकड़ बल्लेबाज अब अपनी चोट से उभर चुका है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर चुका है। गुप्टिल ने अपनी वापसी का जश्न भी दमदार अंदाज में मनाया है। गुप्टिल ने नेपियर में खेले गए बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच में जबरदस्त शतक बनाया जिसकी बदौलत कीवी टीम ने बांग्लादेश को 8 विकेट से आसानी से मात दी।
भारत को परेशान करने वाले बोल्ट एक बार फिर से कीवी टीम के मुख्य हथियार साबित हुए। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 40 रन देकर 3 विकेट लिए। इससे पहले मोहम्मद मिथुन और सैफुद्दीन के बीच 8वें विकेट के लिए हुई 84 रनों की साझेदारी की बदौलत बांग्लादेश की टीम किसी तरह से 232 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो पाई। लेकिन गुप्टिल और हेनरी निकोलस के सामने यह ऊंट के मुंह में जीरा वाली कहावत सरीखा साबित हुआ। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 103 रन जोड़कर कीवी टीम को आसान जीत के रास्ते पर चला दिया।
निकोलस 53 रन बनाकर आउट हुए और उसके बाद कीवी कप्तान विलियम्सन भी 11 रन बनाकर चलते बने लेकिन बाद में रॉस टेलर और मार्टिन गुप्टिल ने बांग्लादेश को कोई मौका नहीं दिया और कीवी टीम ने आसानी से यह मैच जीत लिया। गुप्टिल ने मैच में नाबाद 117 रनों की पारी खेलकर अपना 15वां शतक पूरा किया। उनका ये शतक 103 गेंदों में आया जिसमें उन्होंने 6 चौके और तीन छक्के लगाए।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
