IND vs NZ: चेतेश्वर पुजारा ने बताया- भारत के लिये विश्व कप जीतने से भी बड़ी है यह उपलब्धि
नई दिल्ली। आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत भारतीय टीम पहली बार घर से बाहर कोई टेस्ट सीरीज खेलने न्यूजीलैंड पहुंची है। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है जिसका पहला मैच 21 फरवरी से वेलिंगटन के मैदान पर खेला जायेगा। टेस्ट सीरीज से पहले सेडन पार्क में खेले गये वार्म अप मैच में भारतीय टीम के लिये राहत भरी खबर आई क्योंकि जब पहली पारी में 8 भारतीय बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके उस वक्त टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने शतकीय पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
और पढ़ें: IND vs NZ: टेस्ट सीरीज से पहले दूर हुई भारतीय टीम की कमजोरी, वापस आ रहा है यह दिग्गज गेंदबाज
सीरीज से पहले मीडिया से बात करते हुए चेतेश्वर पुजारा ने बताया कि भारतीय टीम के लिये विश्व कप जीतने से भी बड़ी उपलब्धि क्या है।
और पढ़ें: IPL 2020: दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग के नए सीजन का शेड्यूल, मैच डेट, टाइमिंग

विश्व कप से भी बड़ी उपलब्धि है यह खिताब जीतना
राहुल द्रविड़ के बाद भारतीय टीम में मिस्टर वॉल के नाम से मशहूर चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि भारत के लिये आईसीसी की किसी भी ट्रॉफी फिर चाहे वो वनडे विश्व कप हो या टी20 वर्ल्ड कप से बड़ी उपलब्धि होगी टेस्ट चैम्पियनशिप के खिताब को जीतना।
पुजारा ने कहा, ‘जब आप टेस्ट चैंपियन बनेंगे, मैं कहूंगा कि यह एकदिवसीय या टी20 विश्व कप जीतने से बड़ा खिताब होगा। इसकी वजह है इसका खास प्रारूप।'

क्रिकेट का सबसे चुनौतीपूर्ण प्रारूप है टेस्ट मैच
चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सबसे मुश्किल प्रारूप के बारे में बात करते हुए बताया कि आज भी टेस्ट मैच खिलाड़ी की सच्ची काबिलियत को परखने का सबसे चुनौतीपूर्ण तरीका है।
उन्होंने कहा, ‘अगर आप क्रिकेट खेल चुके किसी भी महान और पुराने दिग्गज खिलाड़ी से बात करो या मौजूदा क्रिकेटरों से भी पूछों, तो वो भी यही कहेंगे कि टेस्ट क्रिकेट इस खेल का सबसे चुनौतीपूर्ण प्रारूप है। जब आप टेस्ट क्रिकेट के विश्व चैंपियन बनते हैं तो इससे बड़ा कुछ नहीं होता है।'

आईसीसी ने फिर से फूंकी टेस्ट क्रिकेट में जान
आईसीसी की ओर से विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप शुरु करने के फैसले की तारीफ करते हुए चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि आईसीसी के इस फैसले से टेस्ट क्रिकेट को एक बार फिर से जीवनदान मिल गया है। इसने खेल के पारंपरिक प्रारूप को और ज्यादा रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धी बना दिया है।
उन्होंने कहा, ‘टेस्ट क्रिकेट को बनाए रखने के लिए आईसीसी ऐसी योजना लेकर आया है जिसके बारे में क्रिकेट खेलने वाले देशों को टेस्ट क्रिकेट के बारे में सोचना होगा। टेस्ट क्रिकेट को बचाये रखने के लिए, मुझे लगता है कि यह उन सर्वश्रेष्ठ मंचों से एक है।'

खिताब जीतना है तो घर ही नहीं बाहर भी करना होगा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में अब तक का सफर देखा जाये तो ज्यादातर टीमों ने अपने घर में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन असली चुनौती तब शुरु होती है जब आप विदेशी सरजमीं पर मैच खेलते हैं। अगर आपको चैम्पियन बनना है तो आपको विदेश में भी अच्छा खेलना होगा। हमारे लिये अच्छी बात यह है कि भारतीय टीम ने विदेशों में भी अच्छा प्रदर्शन करना शुरु कर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘इस भारतीय टीम के साथ सबसे बड़ा फायदा (विदेशों में अच्छा प्रदर्शन) यहीं है। टेस्ट चैंपियनशिप के बारे में बात करें तो किसी भी टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए लगातार दो साल तक अच्छा खेलना होगा और उन्हें न केवल घरेलू मैदान पर जीत दर्ज करनी होगी बल्कि विदेशों में भी दमदार प्रदर्शन करना होगा।'

प्वाइंटस टेबल में टॉप पर काबिज है भारतीय टीम
भारत के नाम सात टेस्ट में 360 अंक है और टीम पहली बार हो रहे आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप की तालिका में शीर्ष पर है।
भारतीय टीम ने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत वेस्ट इंडीज पर 2-0 से जीत से करने के बाद साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश को क्रमश: 3-0 और 2-0 से हराया। विराट कोहली की कप्तानी में टीम अब वेलिंगटन में 21 फरवरी से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
