Highlights: बारिश ने धोए अफ्रीका के अरमान, पाक ने ऐसे मारी बाजी
सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के इरादे से उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने लड़खड़ाते हुए निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम ने 27 ओवर में 3 विकेट खोकर 119 रन बनाए। बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा और अंत में पाकिस्तान ने ये मैच डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक 19 रनों से जीत लिया। पाकिस्तानी बॉलर हसन अली को मैन ऑफ दम मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नंबर वन टीम दक्षिण अफ्रीका की शुरूआत धीमी रही। अफ्रीका को पहला झटका फॉर्म में चल रहे हाशिम अमला के रूप में लगा। अमला ने 16 रन बनाकर इमाद वसीम का शिकार बने। वसीम ने अमला को एलबीडब्ल्यू आउट किया। अमला के बाद क्विंटन डिकॉक को हफीज ने 33 के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन भेजा।
आजकल खामोश है मिस्टर 360 का बल्ला, फिर हुए फ्लॉप
डि कॉक के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान एबी डिविलियर्स एक बार फिर कुछ कमाल नहीं दिखा सके और बिना खाता खोले इमाद वसीम की गेंद पर हफीज को कैच दे बैठे। डिविलियर्स के बाद टिक कर खेल रहे फॉफ डुप्लेसिस को हसन अली ने बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। डुप्लेसिस ने 44 गेंदों में 26 रन बनाए। डुप्लेसिस के बाद डुमिनी भी सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गए। डुमिनी ने केवल 8 रन बनाए।
जब अफ्रीका के गेंदबाजों ने संभाली बल्लेबाजी की कमान
डुमिनी के आउट होते ही हसन अली ने पर्नेल की गिल्लियां उखाड़ दी। पर्नेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। पर्नेल के बाद बल्लेबाजी करने आए हरफनमौला खिलाड़ी क्रिस मोरिस ने डेविड मिलर का बखूबी साथ निभाया। हालांकि मोरिस अपनी छोटी पारी को तेजी से बड़ी पारी में नहीं बदल सके और उन्हें जुनैद खान ने हसन अली के हाथों कैच करवाकर पवेलियन भेजा। मोरिस ने 45 गेंदों में 28 रन बनाए। मुश्किल में चल रही दक्षिण अफ्रीका के लिए 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कगीसो रबाडा ने शानदार पारी खेली। रबाडा ने 23 गेंदों में 2 चौंकों की मदद से 26 रन बनाए। रबाडा को जुनैद खान ने आउट किया।
तूफानी मिलर की संयम से भरी पारी
हालांकि एक छोर से दक्षिण अफ्रीका के विकेट गिरते रहे तो दूसरे छोर पर विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर संयम से पारी को आगे बढ़ाते गए। मिलन ने सबसे ज्यादा नाबाद 104 गेंदों में 3 छक्का व 1 चौके की मदद से 75 रन बनाए। पाकिस्तान की तरफ से हसन अली ने 3, जुनैद खान और इमाद वसीम ने दो-दो विके लिए। इसके अलावा एक विकेट मोहम्मद हफीज को मिला। दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए।
पाकिस्तान की तूफानी शुरूआत
जीत के लिए 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरूआत शानदार रही। ओपनिंग करने आए फखर जमान ने तोबड़तोड़ बैटिंग का नजारा पेश किया। फखर जमान ने 23 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। जमान को मोर्केल ने 8वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट कर पवेलियन भेजा। हालांकि जमान के आउट होने के बाद अजहर अली कुछ कमाल नहीं दिखा सके और 8वें ओवर की ही चौथी गेंद पर मोर्केल का शिकार बन गए। अली ने 22 गेंदों में केवल 9 रन ही बनाए। इसके बाद बैटिंग करने आए मोहम्मद हफीज ने धीमी गति से रन बनाने शुरू किए लेकिन अपनी गति को तेजी नहीं दे पाए और 53 गेंदों में 26 रन बनाकर मोर्केल का ही शिकार हो गए।
मलिक-आजम ने बढ़ाया पाकिस्तान का रन-रेट
हालांकि इसके बाद बाबर आजम और शोएब मलिक ने पारी को संभाले रखा। आजम ने 51 गेंदों में 31 रन बनाए तो मलिक ने 14 गेंदों में 16 रन बनाए। दोनों ने बारिश के कारण मैच रुकने से पहले 27 ओवर में पाकिस्तान के स्कोर को 119 रनों पर पहुंचा दिया था। हालांकि बाद बारिश नहीं रुकी और डकवर्थ लुईस नियम से पाकिस्तान ये मैच 19 रनों से जीत गया। इसी जीत से पाकिस्तान की सेमीफाइनल में जाने की उम्मीदें बनी हुई हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
