टीम इंडिया के खिलाफ जम्हाई लेने वाली तस्वीर पर क्या बोले सरफराज अहमद
नई दिल्ली। भारत से मैनचेस्टर में 16 जून को पाकिस्तान को हार क्या मिली कि उनकी पूरी टीम का सोशल मीडिया पर खूब मजाक उड़ने लगा। आलोचनाओं का ज्यादा शिकार बने कप्तान सरफराज अहमद। सरफराज की सोशल मीडिया पर कई ऐसी वीडियो वायरल हुईं जिसके चलते वो ट्रोल हुए। इसी बीच उनकी मैच के दाैरान विकेट के पीछे खड़े जम्हाई लेते हुए भी तस्वीर वायरल हुई जिसपर प्रतिक्रियाएं आईं कि कप्तान सुस्त हैं तो टीम क्या प्रदर्शन करेगी। जब उनसे इस तस्वीर को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बड़ा मजेदार जवाब दिया।
उन्होंने कहा, ''जम्हाई (उबासी) लेना एक सामान्य बात है। अगर लोग मेरे जम्हाई लेने से पैसे कमाते हैं, तो ये अच्छी बात है।'' इसके अलावा सरफराज का एक माॅल से वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक फैन उन्हें अपशब्द बोलता दिखाई दिया। इस दाैरान सरफराज का परिवार भी साथ में था। इस घटना के बाद सरफराज ने फैंस से परिवार को निशाना न बनाने की अपील की और कहा, 'खिलाड़ियों की अपनी निजी जिंदगी होती है। वे (लोग) जो भी सोचते हैं, वे सोशल मीडिया में लिखते हैं। इससे बहुत तकलीफ होती है। खिलाड़ी मनोवैज्ञानिक रूप से प्रभावित होते हैं। ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए।' पाक कप्तान ने कहा, मैं जानता हूं कि आप किसी को रोक नहीं सकते। हमारे फैंस भावुक हैं और यही लोग जीतने पर हमारी तारीफ करते हैं। लेकिन अगर वे हार पर दुखी होते हैं, तो हमें भी बुरा लगता है। हमें ये अहसास ज्यादा होता है क्योंकि हम पाकिस्तान के लिए खेल रहे हैं।'
बता दें कि पाकिस्तान टीम की इस विश्व कप में खस्ता हालत दिखी। टीम 5 मैचों में सिर्फ एक ही जीत सकी और उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी खत्म हो चुकी हैं। पाकिस्तान के ही पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी सरफराज पर निशाना साधा था। उन्होंने सरफराज को एक बेवकूफ कप्तान बताया। टूर्नामेंट की समाप्ति के बाद टीम में बड़ा बदलाव होने की उम्मीद है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
