युवा खेल सितारे को ब्रांड एंबेसडर बनाना पसंद करूंगा : कलमाडी (लीड-1)
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। राजधानी में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने अभिनेता अमिताभ बच्चन को ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की मांग के बीच कहा कि इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए वह किसी युवा खेल सितारे को ब्रांड एंबेसडर बनाना पसंद करेंगे।
कलमाडी ने आईएएनएस से कहा, "व्यक्तिगत तौर पर मैं युवा सितारे को ब्रांड एंबेसडर बनाने का पक्षधर हूं न कि किसी बॉलीवुड सितारे को।"
उन्होंने कहा, "इसका अर्थ यह नहीं है कि मैं अमिताभ बच्चन के खिलाफ हूं।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा की अमिताभ को ब्रांड एंबेसडर बनाने की मांग के बारे में पूछे गए सवाल पर कलमाडी ने कहा कि आयोजन समिति ने इस बारे में अपना कोई विचार व्यक्त नहीं किया है और वही इस बारे में फैसला ले सकती है।
बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के आवास पर टिकटों की बिक्री की शुरुआत करते हुए पत्रकारों से बातचीत में कलमाडी ने कहा कि वह किसी खेल सितारे को ब्रांड एंबेसडर के रूप में देखना पसंद करेंगे न कि किसी फिल्म अभिनेता को। चैम्पियनशिप 12 से 18 अप्रैल तक चलेगी।
इस बारे में मल्होत्रा ने आईएएनएस से कहा, "युवा सितारे से उनका क्या मतलब है? उन्हें खेल से जुड़े लोगों की उम्र देखनी चाहिए। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री, खेल मंत्री, दिल्ली की मुख्यमंत्री, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री, उपराज्यपाल और स्वयं कलमाडी करेंगे।"
उन्होंने पूछा कि ब्रांड एंबेसडर की नियुक्ति में उम्र क्या करेगी?
शनिवार को कलमाडी को भेजे एक पत्र में मल्होत्रा ने अमिताभ को ब्रांड एंबेसडर बनाने की मांग की थी। मल्होत्रा भारतीय ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के कार्यकारी बोर्ड के सदस्य हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications