नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का 17वां मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जहां पर 5 बार की खिताबी चैम्पियन मुंबई इंडियंस का सामना पंजाब किंग्स के साथ हुआ। मुंबई इंडिंयस की टीम इस सीजन 4 में से 2 मैचों में जीत हासिल कर चुकी है और अंकतालिका में चौथे पायदान पर काबिज है, तो वहीं पर पंजाब किंग्स की टीम को सिर्फ एक ही मैच में जीत मिल सकी है। पंजाब किंग्स ने चेन्नई के मैदान पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और 1 बदलाव के साथ मैदान पर उतरे।
वहीं मुंबई की टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। पंजाब किंग्स की टीम ने अपने प्लेइंग 11 में मुरुगन अश्विन को आराम देने का काम किया है और उनकी जगह रवि बिश्नोई को शामिल करने का काम किया है। टॉस हारने के बाद मुंबई इंडियंस की टीम ने कहा कि हम पहले बल्लेबाजी करना ही चाहते थे, ऐसे में हमें हार से कोई खास फर्क नहीं पड़ा।
और पढ़ें: 'अभी धोनी के बल्ले से आयेंगे और चौके-छक्के', जानें क्यों माही से खुश हुए सुनील गावस्कर
टॉस जीतने के बाद केएल राहुल ने कहा,'यह पिच थोड़ी स्टिकी नजर आ रही है जिसके चलते हम पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे। और दूसरी पारी में ओस की समस्या हो सकती है जिसे देखते हुए हमारे लिये चेज करना आसान रहेगा। हमने पिछले मैच में कुछ गलतियां की थी जिसे हम इस मैच में दोहराना नहीं चाहते हैं और उसी पर ध्यान देते हुए जीत हासिल करना चाहेंगे।'
दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गये आईपीएल में हेड टू हेड मुकाबलों की बात करें तो मुंबई की टीम ने 14 बार तो वहीं पर पंजाब किंग्स की टीम ने 12 बार जीत हासिल करने का काम किया है। आखिरी बार जब दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था तब आईपीएल के इतिहास में पहली बार डबल सुपर ओवर देखने को मिला जिसे पंजाब किंग्स की टीम ने जीतने का कारनामा किया था।
और पढ़ें: 'आईपीएल के चलते रन मशीन बने विराट कोहली', अजीत अगरकर ने की आरसीबी कप्तान की जमकर तारीफ
पंजाब किंग्स की प्लेइंग 11: केएल राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, निकोलस पूरन, दीपक हुडा, मोएसिस हेनरिक्स, शाहरुख खान, फैबियन एलेन, रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग 11: क्विंटन डिकॉक, रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, राहुल चाहर, जयंत यादव, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट।