3rd Test: रांची के मैदान पर विराट कोहली रच सकते हैं इतिहास, छोड़ सकते हैं सचिन-द्रविड़ को पीछे
नई दिल्ली। रांची के जेकेसीए स्पोर्टस कॉम्पलेक्स मैदान पर भारतीय टीम 3 मैचों की जारी टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में प्रोटीज का सूपड़ा साफ करने के इरादे से उतरेगी। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के साथ तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। हालांकि इस बीच भारतीय टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। भारतीय टीम के इकलौते चाइनमैन गेंदबाज कुलदीप यादव शुक्रवार को कंधे की चोट के चलते टीम से बाहर हो गये हैं। हालांकि इस बीच कप्तान विराट कोहली रांची के मैदान पर एक बार फिर बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करना चाहेंगे। इस टेस्ट मैच के दौरान विराट कोहली कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। आइये एक नजर डालते हैं इन रिकॉर्ड पर:

सचिन से आगे निकलने का मौका
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगर विराट कोहली 76 रन और बना लेने में कामयाब हो जाते हैं तो वह दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से आगे निकल जाएंगे। अपने घर पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर से 76 रन पीछे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सचिन तेंदुलकर ने 10 टेस्ट मैच में 580 रन बनाए हैं जबकि विराट कोहली अब तक 6 टेस्ट मैचों में कुल 505 रन बना चुके हैं। इस लिस्ट में वीरेंदर सहवाग कुल 924 रन के साथ टॉप पर जबकि राहुल द्रविड़ 628 रनों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ सकते हैं विराट कोहली
रांची के मैदान पर भारतीय कप्तान विराट कोहली के पास दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ने का मौका होगा। वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों की सूची में चौथे नंबर पर हैं और उन्हें दिग्गज राहुल द्रविड़ को पछाड़ने के लिए 190 रन की जरूरत है। इस लिस्ट में सहवाग (15 टेस्ट में 1306 रन) दूसरे और दिग्गज सचिन तेंदुलकर (25 टेस्ट में कुल 1741 रन) टॉप पर हैं। विराट ने अब तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ 11 टेस्ट खेले हैं जिनमें 62.52 के औसत से कुल 1063 रन बनाए हैं।

अजहरुद्दीन की बराबरी का मौका
विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अब तक 3 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। यदि वह रांची टेस्ट में एक और शतक लगाने में कामयाब हो जाते हैं तो पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी कर लेंगे। अजहरुद्दीन के नाम साउथ अफ्रीका के खिलाफ 11 टेस्ट में 4 शतक और 2 अर्धशतक दर्ज हैं। पूर्व धुरंधर ओपनर वीरेंदर सहवाग ने इस टीम के खिलाफ 5 शतक लगाये हैं जबकि सचिन तेंदुलकर 7 शतक के साथ टॉप पर काबिज हैं।

गुंडप्पा विश्वनाथ की बराबरी
रांची टेस्ट में विराट कोहली यदि फिफ्टी ही लगा पाते हैं तो वह पूर्व दिग्गज गुंडप्पा विश्वनाथ की बराबरी कर लेंगे। विश्वनाथ ने अपने करियर में कुल 91 टेस्ट मैच खेले और 49 अर्धशतक लगाए। विराट के अब तक 81 टेस्ट मैचों की 138 पारियों में 48 अर्धशतक हो चुके हैं।
मेहमान टीम के पास यह मैच आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप में अहम अंक हासिल कर अंकतालिका में अपने आप को मजबूत करने के मौके के सिवाए कुछ नहीं है। टेस्ट चैम्पियनशिप की शुरुआत में जिस तरह की बातें कही जा रही थीं कि इसमें हर एक मैच अहम होगा, इसकी बानगी तीसरे मैच में देखी जा सकती है।
और पढ़ें: 3rd Test, IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका का सूपड़ा साफ करने पर होंगी विराट सेना की नजर, जानें क्या है हाल
बेशक दक्षिण अफ्रीका सीरीज नहीं जीत सकती है लेकिन यह मैच जीत कर वह अपने हिस्से 40 अंक ले सकती है, जो आगे उसे काम आएंगे। इस लिहाज से इस मैच को औपचारिकता मात्र नहीं कहा जा सकता। वहीं, भारत सीरीज के दो मैच जीत 80 अंक इस सीरीज से ले चुका है, लेकिन उसकी कोशिश भी 40 अंक और लेने की होगी जो चैम्पियनशिप में अहम पड़ाव पर उसे फायदा पहुंचा सकते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
