नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी ने पिछले साल इंग्लैंड में हुए आईसीसी वनडे विश्व कप के बाद भारतीय टीम के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। ऐसे में उनके संन्यास को लेकर आए दिन सवाल उठते रहते हैं। धोनी आईपीएल सीजन-13 में खेलते हुए नजर आने वाले थे लेकिन कोरोना वायरस के कारण अब फिर फैंस को उन्हें मैदान पर देखने के लिए इंतजार करना होगा। पहले अटकलें थी कि धोनी आईपीएल के जरिए टीम में वापसी करेंगे। लेकिन बढ़ती उम्र में उनका अब वापस लाैटना मुश्किल नजर आ रहा है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल हस्सी का कहना है कि धोनी आईपीएल में अगले 10 साल तक खेल सकते हैं।
हस्सी ने 'सोनी टेन पिट स्टॉप' पर कहा कि धोनी अगले 10 साल तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल सकते हैं। उन्होंने कहा, ''उम्मीद है कि वह आने वाले 10 सालों तक चेन्नई के लिए खेलते रहेंगे। मैं नहीं जानता कि ये संभव है या नहीं, लेकिन हमारी यही इच्छा है।'' चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व ओपनर और वर्तमान बल्लेबाजी कोच माइकल हस्सी का धोनी के साथ अच्छा तालमेल हैं। हस्सी ने धोनी की खिलाड़ियों के समर्थन करने की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ''कप्तान के रूप में मैं धोनी को बहुत पसंद करता हूं। खिलाड़ियों पर उनका अटूट भरोसा है। उनकी कूलनेस देखने लायक है। वह बहुत टेक्टफुल व्यक्ति भी हैं। उनके कुछ ऐसे फैसले रहते हैं जो आपको हैरान कर देते हैं।''
हस्सी ने आगे कहा, ''उनके साथ रनों का पीछा करते हुए पता चलता है कि वह कितने शांत खिलाड़ी हैं। धोनी हमेशा यही चाहते हैं कि वो अंत तक क्रीज पर टिके रहें। धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए वह सबसे ज्यादा भरोसेमंद व्यक्ति और खिलाड़ी हैं।''