नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली जल्द ही पिता बनने वाले हैं,उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा गर्भवती हैं और संभव है कि अगले महीने वह बच्चे को जन्म देंगी, इसी वजह से विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट खेलकर वापस भारत लौट आएंगे। इस दौरान माना जा रहा है कि रोहित शर्मा टीम की कप्तानी करेंगे। लेकिन विराट कोहली की अनुपस्थिति में क्या टीम इंडिया अच्छा कर पाएगी, इसपर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन को संदेह है।
माइकल वॉन ने ट्वीट करके कहा कि ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर तीन टेस्ट मैच में विराट कोहली नहीं रहेंगे, यह सही फैसला नहीं है, वह पिता बनने जा रहे हैं इस वजह से वह तीन टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे, लेकिन इसका मतलब है कि ऑस्ट्रेलिया की टीम आसानी से सीरीज को जीत लेगी। बता दें कि 26 अक्टूबर को बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी की बैठक में इस बात की जानकारी दी गई है कि विराट कोहली तीन टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे उनकी पैटर्निटी लीव को स्वीकार कर लिया गया है। पहले टेस्ट के बाद विराट कोहली वापस लौट आएंगे।
वहीं माइकल वॉन का मानना है कि रोहित शर्मा को टी-20 की टीम का कप्तान होना चाहिए वॉन ने कहा कि बिना संदेह रोहित शर्मा को टी-20 टीम का कप्तान होना चाहिए। वह जबरदस्त मैनेजर और लीडर हैं, उन्हें यह अच्छे से पता है कि टी-20 मैच को कैसे जीता जाता है। इससे विराट कोहली को भी राहत मिलेगी, उन्हें ना सिर्फ बतौर खिलाड़ी राहत मिलेगी बल्कि दुनिया भर की टीम में भी यही हो रहा है। बता दें कि आईपीएल में मुंबई इंडियंस की टीम के कप्तान के तौर पर रोहित शर्मा का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। चार बार रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियंस की टीम ने 4 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। यही नहीं लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब जीतने का रिकॉर्ड भी रोहित के नाम है।