नई दिल्ली: रवि शास्त्री एक बार फिर से भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच बनने में कायमाब साबित हुए हैं। 16 अगस्त को कपिल देव की क्रिकेट सलाहकार समिति ने सर्वसम्मति से शास्त्री को फिर से कोच नियुक्त कर दिया है। कोच नियुक्ति के बाद हुई प्रेस कांफ्रेस में कपिल ने साफ किया था कि शास्त्री ने भले ही बाजी मार ली हो लेकिन सच यह है कि न्यूजीलैंड के पूर्व कोच माइक हेसन ने उनको इस दौरान कड़ी टक्कर दी।
हालांकि बाजी अंत में शास्त्री के हाथ लगी। इसमें सबसे बड़ी भूमिका शास्त्री का वर्तमान में भी भारतीय टीम का कोच होने की रही। शास्त्री के विराट कोहली समेत अन्य खिलाड़ियों के साथ ही मधुर संबंध हैं और वे टीम के मौजूदा हालात को काफी बारीकी से समझते हैं।
ये कुछ ऐसी बातें थी जो कीवी कोच हेसन के पक्ष में इतनी नहीं गई। इसके बावजूद कपिल देव ने माना कि हेसन की प्रेजेंटेशन शानदार थी। हेसन ने शास्त्री को कोच चुने पर बधाई भी दी है। उन्होंने ट्विटर पर शास्त्री को बधाई देते हुए लिखा- रवि शास्त्री आपको टीम इंडिया का हेड कोच फिर से चुने पर बधाई हो। आपको और आपकी टीम को आने वाले सीजन के लिए बेस्ट शुभकामनाएं।
रवि शास्त्री ने भी इस बात का जवाब देते हुए हेसन का बहुत-बहुत शुक्रिया अदा किया है। शास्त्री ने लिखा- बहुत शुक्रिया। मैं इसकी तारीफ करता हूं। कोचिंग का स्तर ऐसे ही ऊंचा बनाए रखें।
Thanks a ton, Mike. Much appreciated. Keep the coaching flag flying.
— Ravi Shastri (@RaviShastriOfc) August 16, 2019
बता दें कि हेसन 2012 में न्यूजीलैंड टीम के कोच बने थे और उनकी कोचिंग में ही कीवी टीम 2015 विश्व कप के फाइनल में भी पहुंची थी। इसके बाद 2018 में परिवार को अधिक समय देने की इच्छा जताने के कारण हेसन ने कोच पद से अपना इस्तीफा दे दिया।