नई दिल्ली। विश्व कप में 10 टीमों की आपसी जंग शुरू हो चुकी है। सभी टीमों के खिलाड़ी अपना साै प्रतिशत देने की कोशिश में रहेंगे। ऐसे में यह भी देखने को रहेगा कि काैन सा बल्लेबाज आईसीसी विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाता है। यूं तो भारतीय कप्तान विराट कोहली इस रेस में आगे नजर आते हैं क्योंकि उनका बल्ला पिछले कुछ सालों से लगातार रन उगल रहा है, लेकिन पाकिस्तान के एक पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी का मानना है कि विश्व कप में सबसे ज्यादा रन कोहली नहीं बल्कि कोई अन्य खिलाड़ी बनाएगा।
पाक के पूर्व बल्लेबाज मिस्बाह का कहना है कि इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड के ओपनर बल्लेबाज जेसन रॉय सबसे ज्यादा रन बना सकते हैं। हालांकि जेसन इस वक्त काफी अच्छी फॉर्म में हैं और उन्होंने इस टूर्नामेंट के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक लगाकर ये जता भी दिया था कि वो पूरी तरह से तैयार हैं। वैसे मिस्बाह के इस जबाव से भारतीय फैंस जरूर निराश हो गए होंगे क्योंकि विराट भी इन दिनों काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और इंग्लैंड के पिछले दौरे पर उन्होंने खूब रन बनाए थे।
मिस्बाह ने सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमों के नाम भी बताए। मिस्बाह ने एसपीएनक्रिकइंफो को बताया कि इस विश्व कप में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली उनकी पहली दो पसंदीदा टीमें भारत व ऑस्ट्रेलिया है। इसके अलावा उन्होंने चौथी टीम के रूप में पाकिस्तान को चुना। मिस्बाह ने विंडीज को भी सेमीफाइनल में पहुंचने का दावेदार बताया। उन्होंने कहा कि विंडीज भी ऐसी टीम है जो विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर सकती है। बता दें कि 2019 विश्व कप में खिताब का प्रबल दावेदार भारत और इंग्लैंड को माना जा रहा है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज भी कई पूर्व क्रिकेटर्स और पंडितों को प्रभावित करने में कामयाब हुए हैं।