सोनी चैनल पर आईपीएल के 10 साल का सफर अब खत्म
हैदराबाद। आईपीएल 10 का आज के फाइनल मैच के साथ शानदार अंत होगा, पुणे सुपरजायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच आज होने वाले फाइनल मुकाबले के साथ ही अगले सीजन की तैयारी शुरु हो गई है। आईपीएल के प्रसारण का अधिकार इस साल के सीजन के साथ ही खत्म हो रहा है। ऐसे में आईपीएल 10 के बाद अगले पांच सीजन के प्रसारण के लिए बीसीसीआई ने बोली की प्रक्रिया का ऐलान कर दिया है।
इसे भी पढ़ें- IPL: जानिए फाइनल जीतने वाली टीम को मिलेगा कितना पैसा?

17 जुलाई से शुरु होगी बोली
बीसीसीआई ने अगले आईपीएल सीजन के प्रसारण के अधिकार के लिए बोली की प्रक्रिया का ऐलान कर दिया है, यह बोली की प्रक्रिया 17 जुलाई से शुरु होगी। आईपीएल के इस सीजन के बाद अगले पांच आईपीएल के सीजन के प्रसारण के अधिकार के लिए बीसीसीआई तमाम नीलामी की बोली को 17 जुलाई से स्वीकार करना शुरु करेगा। मौजूदा समय में आईपीएल के प्रसारण का अधिकार सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया ईएसपीएन के पास है।

विवाद के चलते रुक गई थी प्रक्रिया
गौरतलब है कि बीसीसीआई ने पिछले वर्ष ही आईपीएल के वैश्विक प्रसारण के लिए निविदा की प्रक्रिया शुरु कर दी थी, लेकिन जिस तरह से बीसीसीआई के भीतर अनियमितता थी उसे लेकर लोढ़ा कमेटी ने अपने तमाम संस्तुतिया दी थी जिसके चलते यह प्रक्रिया रुक गई थी। लगातार बोर्ड और लोढ़ा कमेटी के बीच टकराव के बाद निविदा की प्रक्रिया थम गई थी, लेकिन आखिरकार शनिवार को हैदराबाद में आईपीएल के अधिकारियों की बैठक के बाद एक बार फिर से निविदा की प्रक्रिया को शुरु करने का फैसला लिया गया।

इस बार होगा 5 साल का करार
वहीं आईपीएल के प्रसारण के अधिकार के बारे में बोलते हुए आईपीएल के अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि मैं इस बात से खुश हूं कि आईपीएल के टीवी पर प्रसारण के अधिकारियों के लिए समय सीमा का ऐलन कर दिया गया है। ऐसे में इस प्रक्रिया में शामिल होने के इच्छुक लोगों को पर्याप्त समय मिल जाएगा। गौरतलब है कि वर्ल्ड स्पोर्ट्स ग्रुप ने 2008 में 91.8 करोड़ डॉलर में आईपीएल के प्रसारण का अधिकार 10 साल के लिए सोनी चैनल को दिया था। लेकिन इस बार आईपीएल के प्रसारण का अधिकार 5 सालों के लिए दिया जाएगा।

क्या अगले सीजन में दिखेगी पुणे की टीम
आपको बता दें कि आईपीएल 10 का फाइनल आज मुंबई इंडियंस और पुणे सुपरजायंट्स के बीच खेला जा रहा है। लेकिन यहां गौर करने वाली बात यह है कि पुणे टीम का करार आईपीएल में इस साल खत्म हो रहा है। ऐसे में देखने वाली बात यह होगी की अगले आईपीएल सीजन में पुणे की टीम एक बार फिर से लोगों को दिखने को मिलती है या नहीं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
