एआईटीए के महासचिव अनिल खन्ना ने कहा, "सानिया मिर्जा और उनके अभिभावकों ने एआईटीए को सूचित किया है कि वह शोएब अख्तर से विवाह के बाद भी भारत के लिए खेलेंगी।"
उन्होंने कहा, "उन्होंने दिल्ली में आयोजित होने जा रहे 2010 राष्ट्रमंडल खेलों (अक्टूबर 2010), चीन के ग्वांगझोऊ में होने वाले 16वें एशियाई खेलों (नवंबर 2010), 2011 फेड कप (फरवरी 2011) और लंदन में 2012 ओलंपिक (जुलाई/अगस्त 2012) में भारतीय टीम का हिस्सा बनने की पुष्टि की है।"
पाकिस्तान के टेनिस संघ (पीटीएफ) ने सानिया के पाकिस्तान की ओर से खेलने की अफवाहों को हवा दी थी। संघ के अध्यक्ष सीनेटर दिलावर अब्बास ने गुरुवार को कहा था कि वह सानिया से पाकिस्तानी राष्ट्रीयता ग्रहण करने और भविष्य में अपने पति के देश का प्रतिनिधित्व करने की गुजारिश करेंगे।
दिलावर ने कहा था कि एक एशियाई महिला होने के नाते उन्हें अपनी नई मातृभूमि के रूप में अपने पति के देश को चुनना चाहिए।
यद्यपि सानिया ने स्पष्ट किया है कि इस महीने के आखिर में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान से विवाह के बाद भी वह अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व जारी रखेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।