आठ में से चार मेडन दो गेंदबाजों-चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलने वाले आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज डगलस बोलिंगर और डेक्कन चार्जर्स के लिए खेलने वाले श्रीलंकाई तेज गेंदबाज चमिंडा वास के नाम दर्ज हैं।
छह मैचों में नौ विकेट लेने वाले वास तथा सात मैचों में 11 विकेट लेने वाले बोलिंगर ने दो-दो मेडन डाले हैं। बोलिंगर ने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ सेमीफाइनल में 13 रन देकर चार विकेट लिए थे। यह आईपीएल-3 का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी विश्लेषण है।
इसके अलावा मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जहीर खान, मुंबई इंडियंस के ही स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह, सुपर किंग्स के स्पिनर शादाब जकाती और कोलकाता नाइट राइर्ड्स के तेज गेंदबाज शेन बांड ने एक-एक मेडन ओवर डाले हैं।
आईपीएल-3 में सर्वाधिक 21 विकेट लेने का रिकार्ज डेक्कन के स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा के नाम है। इसके अलावा हरभजन और दिल्ली डेयर डेविल्स के स्पिनर अमित मिश्रा ने 17-17 विकेट लिए हैं।
बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के आर. विनय कुमार 16 विकेट के साथ इस तालिका में तीसरे स्थान पर हैं। आईपीएल के इस संस्करण में तेज गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई है और इसका गवाह है सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष-3 स्थानों पर स्पिनरों का रहना है।
ओझा, हरभजन और मिश्रा के अलावा आईपीएल के इस संस्करण में सफलता हासिल करने वाले केरॉन पोलार्ड (14), मुथैया मुरलीधरन (14), आर. अश्विन (13), पीयूष चावला (11), जकाती (11) और शेन वार्न (11) भी स्पिन गेंदबाज ही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।