भारत के खिलाफ दोनों पारियों में शतक लगाने वाले सातवें बल्लेबाज बने स्ट्रॉस
स्ट्रॉस ने इस मैच की पहली पारी में 123 रन बनाए थे जबकि दूसरी पारी में उनके बल्ले से 108 रन निकले। इस तरह वे भारत के खिलाफ किसी टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले दुनिया के सातवें और इंग्लैंड के दूसरे बल्लेबाज बन गए।
इससे पहले, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ग्राहम गूच ने वर्ष 1990 में लार्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच में पहली पारी में 333 और दूसरी पारी में 123 रन बनाए थे।
अब तक कुल सात बल्लेबाजों ने भारत के खिलाफ दोनों पारियों में शतक लगाने का कारनामा किया है। इनमें सबसे पहला नाम दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में शुमार आस्ट्रेलिया के सर डोनाल्ड ब्रैडमैन का है, जिन्होंने 1948 में मेलबर्न टेस्ट में 132 और 127 रनों की पारियां खेली थीं।
वर्ष 1948 में ही वेस्टइंडीज के एवर्टन वीक्स ने कोलकाता टेस्ट मैच में 162 और 101 रन बनाए थे। इसके बाद 34 वर्षो तक कोई भी बल्लेबाज भारत के खिलाफ यह कारनामा नहीं कर सका।
वर्ष 1982 में श्रीलंका के पूर्व कप्तान दिलीप मेंडिस ने चेन्नई टेस्ट में 105 और 105 रनों पारियां खेल इस सूखे को खत्म किया। इसके आठ वर्षो बाद गूच ने यह कारनामा कर दिखाया।
भारतीय टीम के मौजूदा कोच दक्षिण अफ्रीका के गैरी कर्स्टन भी भारतीय टीम के खिलाफ दो पारियों में लगातार शतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं। कर्स्टन ने 1996 में कोलकाता टेस्ट में 102 और 133 रन बनाए थे।
वर्ष 1997 में श्रीलंका के पूर्व कप्तान अरविंद डी सिल्वा ने कोलंबो टेस्ट मैच में 146 और 120 रनों की पारियां खेली थीं। इसके बाद 11 वर्षों तक सूखा रहा और फिर स्ट्रॉस ने यह कारनामा कर दिखाया।
कोलकाता का ईडन गरडस और चेन्नई का चेपॉक स्टेडियम दो ऐसे मैदान हैं, जहां भारत के खिलाफ दो-दो बार एक ही मैच की दोनों पारियों में शतक बने हैं।
कोलकाता में जहां 1948 और 1996 में यह कारनामा हुआ है वहीं चेन्नई में 1982 और 2008 में दोनों पारियों में शतक बनाए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications