राष्ट्रमंडल खेल ख़त्म होने से एक दिन पहले भारत ने दो स्वर्ण पदक जीते हैं.टेबल टेनिस में भारत को 33वां स्वर्ण पदक मिला जबकि बॉक्सिंग ने 34वां और 35वां स्वर्ण दिलाया.
बॉक्सिंग में 52 किलोग्राम वर्ग में भारत के सुरंजॉय के प्रतिदंद्वी फ़ाइनल मुकाबले में उतरे ही नहीं जिसके बाद सुरंजॉय को विजेता घोषित कर दिया गया. वहीं मनोज कुमार ने इंग्लैंड के सॉर्डंस ब्रेडली को दो के मुकाबले 11 अंकों से हराकर स्वर्ण पर कब्ज़ा किया.
टेबल टेनिस में पुरुषों के डबल्स फ़ाइनल में भारत के अंचता शरद कमन और शुभाजीत साहा ने सिंगापुर की जोड़ी को 9-11, 12-10, 11-4, 5-11 और 11-8 से हराया.
इससे पहले अंचता सिंग्लस के सेमीफ़ाइनल में हार गए थे. वे 11-9, 8-11, 11-7, 7-11, 11-7 से आगे चल रहे थे लेकिन सिंगापुर के यैंग ने इसके बाद लगातार दो गेम जीत लिए.अब कांस्य के लिए उनका मुकाबला भारत के ही सौम्यदीप से होगा.
निशानेबाज़ी में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल एकल स्पर्द्धा में हिना सिद्धू को रजत मिला है.
महिला हॉकी विजेता का ख़िताब ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा. ऑस्ट्रेलिया ने पेनाल्टी शूट आउट में फाइनल मैच जीता. दोनों टीम खेल के आख़िर में 2-2 से बराबर थीं. एक्स्ट्रा टाइम में भी कुछ नहीं हुआ.
वहीं रानी यादव नाम की भारतीय एथलीट डोपिंग का दोषी पाई गई हैं. 20 किलोमीटर रोड रेस में हिस्सा लेने वाली रानी शनिवार को हुई रेस में छठे स्थान पर रही थीं.रानी यादव प्रतिबंधित दवाओं के इस्तेमाल की दोषी पाई गई हैं.
भारतीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख भुवनेश्वर कलिता ने राष्ट्रमंडल खेल महासंघ को जानकारी दी कि रानी यादव को उनके नमूने के परीक्षण के नतीजे के बारे में बता दिया गया है.
इससे पहले महिलाओं की 100 मीटर फ़र्राटा दौड़ की स्वर्ण पदक विजेता नाइजीरिया की ओसायेमी ओलुदामोला ड्रग टेस्ट में विफल हो गईं थीं.
नाइजीरियाई धावक को ऑस्ट्रेलियाई सैली पियर्सन का स्वर्ण पदक छिन जाने के बाद राष्ट्रमंडल चैंपियन घोषित किया गया था.
पियर्सन पर समय से पहले ही दौड़ शुरू करने के आरोपों की जाँच हुई थी और उसके बाद उनका स्वर्ण छिना था.
उसके बाद अंत में इंग्लैंड की कैथरीन एंडाकॉट को रजत पदक मिला और स्वर्ण सेंट विंसेंट ऐंड द ग्रेनांडिस की नताशा मायर्स के खाते में गया.