नई दिल्ली। पाक गेंदबाज आमिर की बॉलिंग अभी क्रिकेट फैंस भूले नहीं होंगे, जब इस साल जून में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में अपने कहर बरपाते स्पैल से उन्होंने भारतीय टीम को मैच से बाहर कर दिया था। मैदान पर आक्रामक दिखने वाले आमिर ने भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा को लेकर कुछ ऐसा कहा है कि भारतीय क्रिकेट फैंस उनकी दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं। ये जवाब रोहित शर्मा के पिछले साल आमिर की गेंदबाजी को लेकर किए गए एक कमेंट पर आया है।
आमिर की गिनती इस समय दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में होती है, वो जब लय में बॉलिंग करते हैं तो काफी खतरनाक होते हैं। पिछले साल रोहित शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले में आमिर की बॉल पर आउट हो गए थे। मैच के बाद आमिर की बॉलिंग पर रोहित ने कहा था कि लोग उनकी तुलना वसीम अकरम से कर रहे हैं लेकिन आमिर एक आम गेंदबाज हैं जो किसी खास दिन वह अच्छी गेंदबाजी कर सकता है।
इस साल चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में आमिर ने रोहित को एक बार फिर आउट कर दिया लेकिन आमिर ने किसी पुरानी बात का जिक्र मैच के बाद नहीं किया। हाल ही में एक इंटरव्यू में आमिर से रोहित के उस बयान के बारे में पूछा गया तो आमिर ने जो जवाब दिया उसने खेलप्रेमियों का दिल जीत लिया। आमिर ने बड़ी ही शालीनता से कहा कि मेरे बारे में रोहित ऐसा सोचते हैं तो वो इसके लिए आजाद हैं। उन्हें ऐसा ही लगा होगा और हो सकता है कि मेरे बारे में उनकी ये राय बदल भी जाए।
आमिर ने कहा कि मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि मैं रोहित को कभी भी एक आम बल्लेबाज नहीं मानूंगा, वो एक बेहद उम्दा बल्लेबाज हैं और भारत के लिए उनका रिकॉर्ड इसका गवाह है। मैं हमेशा ही उनका सम्मान करता रहूंगा। आपको बता दें कि हाल ही में एक ट्वीट के जवाब में उन्होंने विराट कोहली को हालिया वक्त का दुनिया का सबसे उम्दा बल्लेबाज माना था।