IPL 2020 को लेकर कैफ ने की भविष्यवाणी, बताया कौन सी टीम बनेगी विजेता
नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के बीच बीसीसीआई ने इस साल आईपीएल का आयोजन यूएई में कराने का फैसला किया है। जिसकी शुरुआत 19 सितंबर से होगी और इसका फाइनल मैच 10 नवंबर को खेला जायेगा। इस दौरान आईपीएल की तैयारियों के लिये सभी टीमें यूएई पहुंच गई हैं और खिलाड़ियों के साथ क्वारंटीन में वक्त गुजार रही हैं। पहली बार दर्शकों की गैर मौजूदगी में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में काफी कुछ नया देखने को मिलेगा, साथ ही लंबे ब्रेक के बाद मैदान पर वापसी करने को लेकर सभी खिलाड़ी बेकरार हैं।
और पढ़ें: कैरिबियन प्रीमियर लीग में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनें प्रवीण तांबे, छठी गेंद पर लिया विकेट
इस बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज और दिल्ली कैपिटल्स टीम के सहायक कोच मोहम्मद कैफ ने आईपीएल के 13वें सीजन को लेकर भविष्यवाणी की है और उन टीमों का नाम बताया जो कि विजेता बन सकती हैं। मोहम्मद कैफ ने आईपीएल 2020 को लेकर कुछ रोचक बातें कहते हुए इस सीजन में विजेता के रूप दिल्ली कैपिटल्स की टीम को सबसे बड़ा दावेदार बताया। कैफ के अनुसार दिल्ली के पास काफी अच्छी टीम है और पिछले साल के प्रदर्शन से मिले कॉनफिडेंस की बदौलत वह इस साल खिताब जीत सकता है।
और पढ़ें: महज 6 गेंदों के चलते जेम्स एंडरसन से छूटा मुरलीधरन का विश्व रिकॉर्ड, देखें आंकड़े

कोरोना के बीच आईपीएल को लेकर उत्साहित हैं खिलाड़ी
दिल्ली कैपिटल्स टीम के सहायक कोच मोहम्मद कैफ ने कहा, 'टूर्नामेंट को लेकर सभी में काफी उत्सुकता है। ये खिलाड़ियों के लिए काफी मुश्किल चुनौती है, क्योंकि उन्हें काफी सारी गाइंडलाइंस का पालन करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के कई कोरोना टेस्ट हो रहे हैं, सप्ताह में दो-तीन दिन, लेकिन मैं फिर भी काफी खुश हूं कि आइपीएल हो रहा है और प्रशंसकों को एक बार फिर आइपीएल देखने का मौका मिलेगा।'

लंबे ब्रेक का असर खिलाड़ियों पर होगा
मोहम्मद कैफ ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा,"यह सामान्य स्थिति नहीं है। खिलाड़ियों का शरीर चार-पांच महीनों से उपयोग में नहीं है और इसका असर मैदान पर उनके प्रदर्शन पर पड़ेगा। इससे निपटने के लिए कुछ अभ्यास मैचों का भी आयोजन किया जाना चाहिए था, इससे अंतर मैदान पर देखा जा सकता था। हालांकि, मैं यह भी कहना चाहता हूं कि इस स्तर के खिलाड़ी हर स्थिति से तालमेल बिठा लेते हैं। ये खिलाड़ी की विशेषता होती है।'

क्यों दिल्ली की टीम है खिताब की दावेदार
अपनी टीम दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2020 का प्रबल दावेदार बताते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा, 'हम इस सीजन को लेकर काफी उत्साहित हैं। हमारी टीम ने इस बार पिछले सीजन की अपेक्षा ज्यादा सुधार किया है। हमारी टीम कंप्लीट है और हमने कुछ अनुभवी खिलाड़ियों रविचंद्रन अश्विन, अजिंक्य रहाणे, एलेक्स कैरी और शिमरॉन हेटमायर को अपने साथ जोड़ा है। कुल मिलाकर हमारे पास एक बहुत अच्छी टीम है, जो हमें इस सीजन चैम्पियन बना सकती है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
