नई दिल्ली। आईपीएल के अहम मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स की बड़ी मात दी। यह मैच दिल्ली कैपिटल्स के लिए काफी अहम था, लेकिन इस मैच में मुंबई की टीम के सामने दिल्ली की टीम पूरी तरह से हताश नजर आई। मुंबई की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और दिल्ली के बल्लेबाजों को 20 ओवर में सिर्फ 110 रन बनाने दिया, जिसे मुंबई की टीम ने महज एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस हार के बाद दिल्ली के लिए प्लेऑफ की राह अब मुश्किल हो गई है।
दिल्ली कैपिटल्स की हार के बाद टीम के सहायक कोच मोहम्मद कैफ ने इस बात को स्वीकार किया है कि दिल्ली के खिलाड़ी दबाव महसूस कर रहे हैं। कैफ ने कहा कि खिलाड़ी दबाव महसूस कर रहे हैं, ऐसा हो सकता है, हम उम्मीद करते हैं, हम टीम को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं। किसी स्टेज पर आप फॉर्म खो देते हैं और थोड़ा संघर्ष करते हैं। हमे यह उम्मीद नहीं थी कि हमारा रन रेट इतना गिर जाएगा, हमे लगा था कि हम आसानी से क्वालिफाई कर सकते हैं, लेकिन अब हमे आरसीबी के खिलाफ लड़ना है।
बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम खिलाड़ियों की चोटिल होने की समस्या से जूझ रही है। टीम के स्टार गेंदबाज इशांत शर्मा और अमित मिश्रा चोटिल होने की वजह से आईपीएल के इस सीजन से बाहर हो गए। अनुभव की कमी से टीम की गेंदबाजी अहम मैचों में कमजोर नजर आई। खुद मोहम्मद कैफ ने कहा कि सीजन के बीच में इस तरह से मैचों के हारना कतई हमारे पक्ष में नहीं गया। कैफ ने कहा कि हमे अच्छी शुरुआत मिली थी, जिसकी वजह से हम शायद थोड़े ज्यादा ही सहज हो गए थे, बाद में इशांत और अमित मिश्रा का चोटिल होना हमारे पक्ष में नहीं गया। हमे बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए था, यही वजह है कि हम आगे बने नहीं रहे, यह मुश्किल टूर्नामेंट था, हम लय से बाहर चले गए थे, लेकिन उम्मीद है कि आरसीबी के खिलाफ हम वापसी करेंगे। हमे उम्मीद है कि यह मैच जीतकर हम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करेंगे।