सिराज को याद आया वो भावुक पल, जब होटल के कमरे में रोते वक्त कोहली ने लगाया था गले
नई दिल्ली। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर टीम इंडिया की ओर से अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। अपने जबरदस्त प्रदर्शन से सिराज ने हर किसी का दिल जीत लिया था। अहम बात यह है कि मोहम्मद सिराज के पिता का ऑस्ट्रेलिया के दौरे के दौरान निधन हो गया था, बावजूद इसके सिराज ने भारत वापस अपने घर आने के बजाए टीम के लिए लिए खेलने को वरीयता दी और जबरदस्त गेंदबाजी करके साबित किया कि आखिर क्यों वह इतने खास हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जब एक के बाद एक कई खिलाड़ी चोटिल हो रहे थे तो सिराज को टीम में शामिल किया गया और उन्होंने जबरदस्त गेंदबाजी की थी। सीरीज में भारत ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। तीन टेस्ट मैच के दौरान मोहम्मद सिराज ने 13 विकेट अपने नाम किए थे और टीम की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी बने थे। जिसमे से एक बार उन्होंने पांच विकेट लेने का भी कारनामा किया था। सिराज के करियर में यह सीरीज बेहद खास है, इसके बाद से उन्होंने पटलकर नहीं देखा और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज और फिर आईपीएल में भी जबरदस्त गेंदबाजी की। अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत सिराज ने इंग्लैंड के दौरे पर भी टीम में अपनी जगह बनाई है।

मैंने हमेशा अपना 100 फीसदी दिया
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में मोहम्मद सिराज ने कहा कि भारतीय टीम की ओर से अपने पहले मैच से लेकर आजतक मैंने अपना हर मैच में 100 फीसदी देने की कोशिश की है। जीत से मुझे खास एहसास होता है। ऑस्ट्रेलिया के दौरे ने मुझे बहुत आत्मविश्वास दिया था, यही भरोसा इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भी बढ़ा था। अपने जबरदस्त करियर के लिए सिराज ने टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को इसका श्रेय दिया है। बता दें कि आरसीबी की ओर से विराट कोहली की अगुवाई में सिराज इसी टीम का हिस्सा हैं।

विराट से मुझे बहुत मदद मिली
अपने अनुभव को साझा करते हुए सिराज ने कहा कि विराट भैया हमेशा कहते हैं तेरे पास क्षमता है, तू कर सकता है, तेरे पास क्षमता है किसी भी विकेट पर खेलने की. तू किसी भी बल्लेबाज को आउट कर सकता है।आईपीएल में हाल ही में सीएसके के खिलाफ मैच के बाद विराट भैया मेरे पास आए थे और कहा, मियां, तुम्हारे में जो बदलाव आए हैं वो जबरदस्त हैं। यह टीम के हित में है। इंग्लैंड के दौरे के लिए तैयार रहो। मेरी शुभकामनाएं ,अच्छा काम करते रहो। दुनिया के बेहतरीन कप्तान में से एक विराट के ये शब्द मुझे बहुत प्रेरित करते हैं।

मेरा करियर विराट भैया की वजह से है
मोहम्मद सिराज ने कहा कि मैं ऑस्ट्रेलिया में अभ्यास कर रहा था तभी मुझे अपने पिता के देहांत की खबर मिली, मुझे कप्तान विराट कोहली और रवि शास्त्री ने इस बारे में बताया। इसके तुरंत बाद सिराज होटल में अपने कमरे में गए और वहां बैठकर रोने लगे और बुरी तरह से टूट गए थे। सिराज ने इस मौके को याद करते हुए कहा कि मैंने अपने पिता को खो दिया था, मैं टूट गया था और मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा था। तभी विराट भैया आए और उन्होंने मेरा साथ दिया। मेरा करियर विराट भैया की वजह से है। बता दें कि सिराज ने भारत की ओर से अभी तक कुल 5 टेस्ट मैच, 1 वनडे और 3 टी-20 मैच खेले हैं।

मेरे कमरे में विराट ने आकर मुझे गले लगा दिया था
सिराज ने कहा कि विराट कोहली ने मेरा हमेशा साथ दिया और हर अच्छे-बुरे वक्त में मेरी मदद की। वह हर तरह की परिस्थिति में मेरे साथ थे। मुझे अभी भी याद है जब मैं होटल के कमरे में रो रहा था विराट भैया आए और मुझे गले से लगा लिया था और कहा था कि मैं तुम्हारे साथ हूं, चिंता मत करो। उनके वो शब्द मेरे लिए बहुत प्रेरणा वाले थे। विराट ने मेरे साथ सिर्फ एक टेस्ट खेला था, लेकिन उनका यह संदेश बहुत प्रेरित करने वाला था। यही वजह है कि मैं इतना अच्छा प्रदर्शन कर सका। पिछले दो साल से मेरा आरसीबी के साथ सीजन अच्छा नहीं रहा था। लेकिन विराट ने मेरा हमेशा साथ दिया। वहीं टीम के कोच रवि शास्त्री से मिले सहयोग के बारे में सिराज ने कहा कि रवि सर हमेशा कहते हैं तू चैंपियन गेंदबाज है हमारी टीम का। वो मेरी पीठ और कंधे पर जोर से हाथ मारकर कहते थे तू चैंपियन है। उन्होंने मुश्किल समय में अभ्यास के दौरान नेट्स पर गेंदबाजी के लिए मुझे बहुत प्रेरित किया। इस उम्र में भी वह बहुत ही फिट हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
