कोलकाता: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को कोलकाता पुलिस ने समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था। कोलकाता पुलिस ने शमी से बुधवार को दोपहर दो बजे पूछताछ के लिए पेश होने को कहा था। पुलिस ने शमी के बड़े भाई मोहम्मद हशीम अहमद को भी बुलाया है। शमी लाल बाजार पुलिस मुख्यालय पहुंच चुके हैं जहां उनके खिलाफ घरेलु हिंसा मामले में पूछताछ की जाएगी।
इसके पहले मोहम्मद शमी ने कहा था कि वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे और लाल बाजार पुलिस मुख्यालय में जांच टीम के समक्ष मौजूद होंगे। आपको बता दें कि मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने शमी के खिलाफ घरेलु हिंसा और मेंटिनेंस का मामला दर्ज कराया है।
हसीन जहां ने हर महीने 10 लाख के भत्ते की मांग की :
क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने कोलकाता की अलीपुर कोर्ट में अर्जी देकर में हर महीने 10 लाख रुपए गुजारा भत्ता दिए जाने की मांग की है। अपनी अर्जी में हसीन ने अपने और अपनी बेटी के खर्च के लिए शमी से हर महीने 10 लाख के भत्ते की मांग की है। घरेलू हिंसा के तहत दर्ज केस की सुनवाई करते हुए अलीपुर कोर्ट ने शमी से समन मिलने के 15 दिन के अंदर कोर्ट के सामने पेश होने के लिए कहा है। हसीन जहां ने मोहम्मद शमी पर कई महिलाओं से संबंध रखने और घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है। मामले की अगली सुनवाई 4 मई को होगी।
दूसरी महिलाओं से संबंध रखने के लगाए थे आरोप:
हसीन जहां ने क्रिकेटर मोहम्मद शमी पर दूसरी महिलाओं के साथ संबंध रखने का आरोप लगाते हुए उनकी बातचीत का स्क्रीनशॉर्ट सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। हसीन जहां ने दावा किया कि ये चैट मोहम्मद शमी के ही हैं, जिसमें वो दूसरी महिलाओं के साथ अश्लील बातें कर रहे थे। हसीन जहां ने शमी और उनके परिवार वालों पर उन्हें मारने की कोशिश का भी आरोप लगाया था।
ये भी पढ़ें: कोलकाता पुलिस ने मोहम्मद शमी को किया समन, कल दो बजे पूछताछ के लिए बुलाया