नई दिल्ली। हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की साख पर बट्टा लगाने वाले कई कारनामे सामने आए हैं। मैच फिक्सिंगग जैसे मामलों के प्रति सख्त होते हुए आईसीसी इसे लेकर गहन जांच कर रही है।इस दौरान एक ऐसा तथ्य सामने आया है जो भारतीय लोगों के लिए शर्मिंदगी भरा है। आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी इकाई के अधिकारी एलेक्स मार्शल ने एक चौंकाने वाले तथ्य का खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि कई जांच के दौरान भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल ज्यादातर सट्टेबाज भारतीय ही निकले हैं।
यह भी पढ़ें- इस पाकिस्तानी पेसर की रफ्तार देख इंग्लैंड के दिग्गज ने कहा इसे खेलने में मेरी पैंट खराब हो जाती
आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी इकाई के महाप्रबंधक एलेक्स मार्शल ने विश्व संस्था की श्रीलंका क्रिकेट में भ्रष्टाचार की जांच के दौरान बात करते हुए कहा कि इस मामले में स्थानीय और भारतीय सट्टेबाज शामिल रहे हैं।यह पूछने पर कि क्या सारे सक्रिय सट्टेबाज स्थानीय हैं तो आइसीसी की एसीयू के महाप्रबंधक मार्शल ने कहा, 'श्रीलंका में स्थानीय और भारतीय सट्टेबाज दोनों थे। लेकिन दुनिया के ज्यादातर हिस्सों में सबसे ज्यादा सट्टेबाज भारतीय हैं।'
बता दें कि इस हफ्ते के शुरू में श्रीलंका के महान खिलाड़ी सनथ जयसूर्या आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी संहिता का उल्लघंन करने वाले इस द्वीपीय देश के पहले खिलाड़ी बने।
जयसूर्या पर हालांकि फिक्सिंग का आरोप नहीं लगा है, लेकिन उन्हें जांच करने वाले अधिकारियों के साथ सहयोग नहीं देने का दोषी पाया गया। हाल में आईसीसी की एसीयू ने इंग्लैंड और श्री लंकाई क्रिकेटरों से जुड़े सक्रिय भ्रष्ट व्यक्तियों के बारे में सूचना साझा की थी।मार्शल का यह खुलासा हालांकि हैरानी भरा नहीं है, क्योंकि पाकिस्तान के लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने गुरुवार को स्वीकार किया कि उन्होंने मैच फिक्स करने के लिए भारतीय सट्टेबाज अनु भट्ट से धन लिया था।