भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 7 जुलाई 2023 को अपना 42वां जन्मदिन मनाया। धोनी आमतौर पर सोशल मीडिया से दूर रहते हैं लेकिन उन्होंने अपने जन्मदिन की एक झलक पेश करने के लिए इंटरनेट पर एक वीडियो पोस्ट किया है।
यह वीडियो बड़ा ही खूबसूरत है जहां धोनी अपने फॉर्महाउस पर डॉग्स की फौज के साथ केक को काटते हुए देखे जा सकते हैं। इस दौरान चार डॉग दिखाई देते हैं, जिसमें दो सफेद हैं और दो ब्लैक हैं।
धोनी ने वीडियो को शेयर करते हुए उन सभी फैंस और शुभचिंतकों का धन्यवाद दिया है जिन्होंने उनके जन्मदिन पर अपनी शुभकामनाएं भेजी थी। इसके साथ ही धोनी लिखते हैं, ये उसकी एक झलक है जो मैंने अपने जन्मदिन पर किया।
धोनी तड़क-भड़क से दूर अपने फार्म हाउस पर लोन में नजर आ रहे हैं, जहां एक छोटी सी टेबल रखी हुई है और उस पर एक छोटा सा ही केक है। माही केक को काट रहे हैं और डॉग बेसब्री से खाने का इंतजार कर रहे हैं। धोनी केक को काटने के बाद बारी बारी से डॉग को खिलाते हैं और खुद भी खाते हैं।
जन्मदिन पर इस तरह के वीडियो बहुत ही कम आते हैं जहां सेलिब्रेटी बर्थडे पर्सन किसी इंसान के नहीं, बल्कि डॉग के साथ हैं। धोनी के जानवरों के प्रति इस प्यार की सोशल मीडिया पर खूब सराहना की जा रही है।
धोनी इस बार आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को पांचवीं बार विजेता बनाकर आ रहे हैं। उनके घुटने की सर्जरी हाल ही में मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में हुई है और वे रिकवरी पीरियड के साथ-साथ अपने रिहैबिलिटेशन के दौर से भी गुजर रहे हैं।
क्या धोनी आईपीएल का अगला सीजन खेलेंगे? यह उनके घुटने की रिकवरी और रिहैबिलिटेशन के बाद फिटनेस पर बहुत ज्यादा निर्भर करेगा। धोनी ने अपने फैंस को गिफ्ट देने के लिए एक और सीजन खेलने का वादा किया है, लेकिन साथ ही अपने शरीर के फिट रहने की शर्त भी लगाई है।
धोनी ने 2004 में भारतीय क्रिकेट टीम में अपना डेब्यू किया था और अगस्त 2020 में उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर को विदाई दी।