मेलबर्न। आस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेड हेडिन ने विराट कोहली को अपनी बल्लेबाजी को निखारने के लिए खेल से एक छोटा ब्रेक लेने की सलाह दी है। हेडिन ने कहा कि इससे भारत के कप्तान विराट कोहली की बल्लेबाजी और कप्तानी में और निखार आएगा। भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हाल ही में खत्म हुई चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से हराया है।
सीरीज में भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर बात करते हुए ब्रेड हेडिन ने अपने ईएसपीएन में अपने कॉलम में लिखा है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुश्किल सीरीज के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली को खेल से एक छोटे ब्रेक की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोहली को यह सोचने के लिए वक्त चाहिए कि वह बल्लेबाज और कप्तान के रूप में चीजों को कैसे आगे बढ़ाए। हेडिन ने कहा कि खेल से दूर रहकर कोहली शायद बेहतर तरीके से अपने खेल और कप्तानी के बार में सोच सकते हैं।
कंधे की चोट से जूझ रहे हैं विराट कोहली
हालिया सीरीज में भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाडियों के बीच काफी जुबानी जंग भी देखने को मिली है। मैदान पर भी दोनों ओर से जमकर स्लेजिंग हुई तो मैदान के बाहर भी खूब शब्द-बाण चले। पूर्व खिलाड़ी भी इसमें कूद गए। यहां तक कि ऑस्ट्रेलिया मीडिया ने विराट कोहली को डोनाल्ड ट्रंप तक कह दिया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया सीरीज में विराट कोहली बल्ले से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए थे। वहीं कंधे की चोट के कारण वो चौथे मैच से भी बाहर हो गए थे। विराट अभी भी कंधे की चोट से जूझ रहे हैं और 5 अप्रैल से शुरू हो रहे आईपीएल के दसवें सीजन के शुरुआती मैचों में भी उनके ना खेल पाने की बात कही जा रही है।
पढ़ें- स्टंप घोंपकर कोहली को मारना चाहता था यह पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर