बांग्लादेश के इन पांच कारनामों की वजह से टीम इंडिया में है दहशत
लंदन। रविवार शाम हुए 'करो या मरो' के मुकाबले में 'विराट सेना' ने वनडे की खतरनाक टीम दक्षिण अफ्रीका को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जिसके बाद अब 15 जून को उसका मुकाबला बांग्लादेश से होगा।
भले ही कागज पर बांग्लादेश विराट ब्रिगेड से कमजोर नजर आए लेकिन बांग्लादेश की गिनती उन टीमों में होती है जो कभी भी किसी भी टीम का गणित बिगाड़ सकती है।
टीम का फोकस केवल खेेेल पर है
ये बात खुद कप्तान कोहली भी जानते हैं इसलिए उन्होंने भी रविवार को मैच जीतने के बाद कहा कि उनका और उनकी टीम का फोकस केवल खेेेल पर है और वो सिर्फ आगे के मैच के बारे में सोच रहे हैं, वैसे आपको बता दें कि एक बार नहीं बल्कि कई बार बांग्लादेश ने टीम इंडिया को परेशान किया है।

2007 विश्व कप
बात साल 2007 विश्वकप के पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में खेले गए मुकाबले की है, जिसमें भारत और बांग्लादेश आमने-सामने थे। कप्तान सौरव गांगुली ने उस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। खुद सौरव 66 और युवराज सिंह 47 के अलावा कोई बल्लेबाज बांग्लादेशी गेंदबाजी आक्रमण के आगे नहीं टिक पाया। भारत की पूरी टीम 49.3 ओवर में पवेलियन लौट गई। 192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 9 गेंद शेष रहते यह मैच 5 विकेट से जीत लिया था।

दक्षिण अफ्रीका
2007 विश्वकप में ही बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के बीच सुपर 8 का मुकाबला गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेला गया था। बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 251 रन बनाए, जिसके बदले में साउथ अफ्रीका मात्र 48.4 ओवर में आउट हो गई थी।

इंग्लैंड
साल 2011 के विश्वकप में ग्रुप-बी का मुकाबला बांग्लादेश और इंग्लैंड के बीच चटगांव में खेला गया। इंग्लैंड की पूरी टीम 49.4 ओवर में 225 रन बनाकर आउट हो गई। जिसके जवाब में बांग्लादेश ने मात्र 49 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर लिया था।

2015 वर्ल्डकप
2015 वर्ल्डकप में भी बांग्लादेश ने इंग्लैंड को एडिलेड ओवल में हराया था। इस मैच में बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 275 रन बनाए। जिसके बदले में इंग्लैंड की पूरी टीम 48.3 ओवर में 260 रन ही बना पायी।

साल 2015 रहा शानदार
बांग्लादेश टीम ने 2015 में भारत और पाकिस्तान दोनों को हराया था। सबसे पहले बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान को 17 अप्रैल को हराया था और उसके बाद उसका निशाना टीम इंडिया बनी थी। 18 जून और 21 जून को हुए मुकाबले में उसने इंडिया को बुरी तरह से पराजित किया था।

भारत का पलड़ा भारी लेकिन...
भारत और बांग्लादेश के बीच अब तक कुल 32 वनडे मैच खेले जा चुके हैं। भारत ने इनमें से 26 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि 5 बार बांग्लादेश को खुशी मनाने का मौका मिला है। 1 मैच का कोई नतीजा नहीं निकला, उम्मीद की जा रही है कि बांग्लादेश को हल्के में लेने की गलती कप्तान कोहली बिल्कुल नहीं करेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications