गेंदबाजों और बल्लेबाजों को सम्मिलित प्रयास के बूते इंग्लैंड की टीम ने वार्नर पार्क मैदान पर दक्षिण अफ्रीका को 56 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। वॉट को 'वुमैन ऑफ द मैच' चुना गया। दक्षिण अफ्रीका की यह लगातार तीसरी हार है। विश्व कप से उसकी चुनौती समाप्त हो चुकी है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने लाइडिया ग्रीनवे (नाबाद 34), लाउरा मार्श (33) और जेनी गुन (21) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 141 रन बनाए।
जवाब में खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम वॉट और शॉ की धारदार गेंदबाजी के आगे 17 ओवरों में 84 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। दक्षिण अफ्रीकी टीम के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके।
कप्तान क्री-जिल्डा ब्रिट्स ने सर्वाधिक 20 रन बनाए जबकि सलामी बल्लेबाज सांड्रे फ्रिट्ज ने 15 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से कैथरीन बंट्र, मार्श और आन्या स्रुबसोल ने भी एक-एक सफलता अर्जित की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।