नई दिल्ली। हरभजन सिंह भले ही भारतीय टीम से बाहर चल रहे हों लेकिन उन्होंने आईपीएल सीजन-12 में अपनी फिरकी से विरोधी टीमों के बल्लेबाजों को नचाया हुआ है। हरभजन को जब भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने का माैका मिला, तो उन्होंने खुद को सही साबित किया है। यही वजह है कि आज चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हरभजन की तारीफ कर रहे हैं।
चेन्नई ने सीजन के 23वें मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स को 7 विकेट से हरा दिया। मैच के बाद धोनी ने हरभजन की तारीफ करते हुए कहा कि हरभजन पुरानी वाइन की तरह हैं और लगातार परिपक्व हो रहे हैं। भज्जी ने जितने भी मैच खेले हैं उसमें दमदार प्रदर्शन किया है। धोनी ने केवल भज्जी को ही नहीं बल्कि साथ में इमरान ताहिर के लिए भी ऐसे कुछ शब्द बोले। उन्होंने ताहिर को लेकर कहा कि मुझे जब भी जरूरत महसूस हुई है मैंने इमरान पर भरोसा किया है और उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
धोनी ने आगे कहा कि कुल मिलाकर हमारा गेंदबाजी क्रम अच्छा लग रहा है, लेकिन जब हम बेहतरीन टीम के खिलाफ सपाट विकेट पर छोटी बाउंड्री के साथ खेलेंगे तो हमें पता चलेगा कि हमारे लिए सबसे अच्छा गेंदबाजी क्रम कौन सा होगा।धोनी ने कहा कि मैच में ड्वेन ब्रावो नहीं खेल रहे थे। ऐसे में हमारे सामने उनकी जगह पूरी करने की चुनौती थी। पिच बल्लेबाजी के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं थी। यहां पहले बल्लेबाजी करना खतरनाक साबित होता। ऐसे में हमारे स्पिनर्स ने जो प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है।
बता दें कि चेन्नई के गेंदबाजों ने कोलकाता को 20 ओवर में 9 विकेट पर 108 रन ही बना दिए। हरभजन ने 15 रन देकर 2 विकेट लिए तो वहीं इमरान ने 21 रन देकर 2 शिकार किए। दीपक चाहर के खाते में 3 विकेट आए। इस जीत के साथ ही चेन्नई अब अंक तालिका में 10 अंकों के साथ पहले स्थान पर आ गई है। यह उसकी 6 मैचों में पांचवी जीत रही।