नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम का जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 व आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए ऐलान हो चुका है। मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने टीम का ऐलान करने के बाद कहा, ''अब भारतीय क्रिकेट को लेकर अगले 6-7 साल तक चिंता करने की जरूरत नहीं है। क्योंकि हमारे पास तीनो फाॅर्मेट की एक मजबूत टीम है।'' प्रसाद पहले भी कह चुके हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल दाैरान जो लक्ष्य रखे थे वो पूरे कर लिए हैं। उनका मानना है कि चयन समीति ने जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर, रिषभ पंत जैसे कई खिलाड़ी तराशे हैं।
महेंद्र सिंह धोनी को ना श्रीलंका के खिलाफ जगह मिली ना ही आस्ट्रेलिया के खिलाफ। ऐसे में जब उनसे इससे संबंधित सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, '' मेरे पास धोनी की वापसी को लेकर कोई जवाब नहीं है।'' प्रसाद ने कहा, ''ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों सलामी बल्लेबाज- शिखर, रोहित और लोकेश राहुल उपलब्ध रहेंगे।'' एमएसके प्रसाद ने पंत को उनकी विकेटकीपिंग में सुधार करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, 'पंत को अपनी कीपिंग स्किल में सुधार करना होगा। हमें पंत की विकेटकीपिंग में सुधार लाने के लिए एक विकेटकीपर विशेषज्ञ की जरूरत है।'
प्रसाद ने टीम से बाहर चल रहे हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उनके अनुसार वह न्यूजीलैंड के खिलाफ खेल सकते हैं। पांड्या ने हाल ही में पीठ का ऑपरेशन करवाया था, जिसकी वह रिकवरी कर रहे हैं। प्रसाद ने कहा कि हार्दिक के बारे में हम जनवरी के तीसरे हफ्ते में विचार करेंगे। भारत को न्यूजीलैंड दौरे पर पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय, तीन वनडे अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैच खेलने हैं। यह दौरा 24 जनवरी से शुरू होगा।