नई दिल्ली। क्रिकेट के शिशु से अपना सफर तय करने वाला अफगानिस्तान आज विश्व कप क्रिकेट का एक महत्वपूर्ण अंग बन चुका है। टेस्ट दर्जा प्राप्त 12वां फुल टाइम सदस्य यह देश राशिद खान और मोहम्मद नबी जैसे विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के लिए जाना जाता है। ये दोनों खिलाड़ी आईपीएल के 12वें सीजन में भी अपनी शानदार छाप छोड़ गए हैं। खासकर राशिद खान तो इस समय विश्व क्रिकेट में सबसे बेहतरीन लेग स्पिनर्स में से एक हैं।
इसके अलावा इस टीम में एक अन्य स्पिनर के रूप में मुजीब उर रहमान हैं। रहमान आईपीएल के मौजूदा सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम का हिस्सा थे। हालांकि उनके लिए यह टूर्नामेंट खास नहीं रहा और वे चोट व खराब फॉर्म से जूझते हुए ज्यादातर समय मैदान से बाहर ही बैठे रहे। लेकिन इस अफगान स्पिनर ने अपने इस समय को जाया नहीं जाने दिया है।
मुजीब उर रहमान ने किंग्स इलेवन के कप्तान रविचंद्रन अश्विन से गेंदबाजी के कुछ जरूरी टिप्स लिए हैं। आपको बता दें कि मुजीब ने पांच मैचों मे इस बार केवल 3 विकेट ही लिए हैं जबकि उनका इकॉनमी 10 से भी ऊपर का रहा है। इसके अलावा वे कंधे की चोट से भी लगातार जूझते रहे। लेकिन 18 साल के इस युवा अफगान ने अश्विन से गेंदबाजी की बारीकियां सीखी हैं ताकि वे आने वाले विश्व कप में अपनी टीम के लिए कुछ योगदान कर सकें।
इस बारे में बात करते हुए रहमान ने बताया, 'मैंने रविचंद्रन अश्विन के साथ काफी अच्छा समय बिताया है जिसमे काफी कुछ सीखा है। उन्होंने मुझे काफी उपयोगी टिप्स भी दिए हैं और मुझे यकीन है कि मैं इन सबको विश्व कप में आजमा पाऊंगा। आईपीएल के इस सीजन में मेरी कंधे की चोट एक समस्या रही है लेकिन अब मैं विश्व कप के लिए पूरी तरह से फिट हूं।'
मुजीब ने इस दौरान ये भी माना है कि उनको आईपीएल में अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी करने का काफी फायदा मिलेगा क्योंकि ये बल्लेबाज विश्व कप में भी खेलते हुए दिखाई देंगे। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल के खराब प्रदर्शन का असल विश्व कप में पड़ने की संभावना से इंकार किया है।