नई दिल्ली। भारत-इंग्लैंड के बीच खेले गए 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला भी इंग्लैंड ने अपने नाम किया और सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है। इस मुकाबले में भारत को एक शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा और टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही फ्लॉप रही। कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक के आंकड़े को भी नहीं छू सका। वहीं सलामी बल्लेबाजों ने अब तक दोनों ही टेस्ट मुकाबलों में भारतीय फैंस को निराश किया है। वहीं इस मुकाबले में पारी और 159 रनों की हार के अलावा मुरली विजय ने एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड बना दिया जिसे कोई भी खिलाड़ी कभी नहीं बनाना चाहेगा।
दरअसल मुरली विजय को इस टेस्ट मैच की दोनों पारियों में इंग्लैंड के तेज़ गेदबाज़ जेम्स एंडरसन ने आउट किया और खास बात ये रही की इन दोनों ही पारियों में मुरली विजय खाता तक खोलने में नाकाम रहे। यानी इस टेस्ट मैच में विजय नें शून्य का 'पेयर' बना दिया। वो भारत की ओर से छठे सलामी बल्लेबाज बने जो किसी टेस्ट की दोनों पारियों में बिना खाता खोले आउट हुए हों। उनसे पहले इस समूह में पंकज रॉय, फारूख इंजीनियर, वसीम जाफर, वीरेंद्र सहवाग और शिखर धवन शामिल थे। I गौरतलब हो कि भारत के लिए अब सीरीज हार का खतरा भी मंडराने लगा है, वहीं भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी प्रश्नचिह्न के दायरे में आने लगा है।