नोएडा। आस्ट्रेलिया ने सिडनी क्रिकेट मैदान पर गुरुवार को खेले गए आईसीसी विश्व कप-2015 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत को 95 रनों से हरा दिया। 29 मार्च को मेलबर्न में होने वाले फाइनल में उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। टीम इंडिया की हार से प्रशंसकों में खासी मायूसी है। लेकिन कुछ प्रशंसक ऐसे भी हैं जो अभी भी टीम इंडिया को चैंपियन मानते हैं। उनका कहना है कि सात मैच लगातार जीतने के बाद अगर कोई टीम एक मैच हारती है तो इसका मतलब यह नहीं कि टीम का प्रदर्शन खराब है।
एक मल्टी नेशनल कंपनी में बतौर मार्केटिंग ऑफिसर काम करने वाले मिलिंद भदौरिया का मनना है कि हार से निराशा तो होती है लेकिन जब दो टीमें सामने हों तो जीत किसी एक की ही होती है। वनइंडिया के कॉलम 'MY VOICE' के लिए मिलिंद ने कहा कि ''टीम इंडिया की हार से थोड़ा निराश जरूर हूं मगर स्पोर्ट्स में तो होता ही है। एक ही टीम की जीत हो सकती है। ऑस्ट्रेलिया ने अच्छा खेला इसलिए जीत उसकी हुई। टीम इंडिया ने भी सात मैचों में चैंपियन की तरह खेला है और अगर एक हार हुई है तो कोई बात नहीं।
उन्होंने कहा कि टीम सेमीफाइनल में जरूर हार गई, लेकिन देश के करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया। सही मायने में टीम इंडिया दिल की बाजीगर बन गई है। टीम इंडिया के हार के कारणों पर पूछे जाने पर मिलिंद पहले तो हंसे और फिर उन्होंने कहा कि विरोट कोहली और सुरेश रैना का जल्दी आउट हो जाना हार का मुख्य कारण बना। अनुष्का शर्मा पर बोलते हुए मिलिंद ने कहा कि हर किसी का दोस्ता उसका हौसला बढ़ाने के लिए स्टेडियम में जा सकता है और जाना भी चाहिए। मिलिंद ने बिल्कुल ही इस बात से इंकार कर दिया कि अनुष्का के चलते विराट के प्रदर्शन पर असर पड़ा है। अंत में मिलिंद ने कहा कि ''The Best Team Doesn't Always Win''.