श्रीसंत के करीबी दोस्त जुनैद आरिफ ने बताया कि कल दोपहर दो बजे से शादी की रस्में शुरु होंगी। उन्होंने बताया कि ये शादी भारतीय परंपरा के अनुसार होगा और मेहमानों को राजस्थानी और केरल खाने परोसे जायेंगे। जुनैद ने बताया कि शादी के बाद उसी रात होटल में रिसेप्शन का भी कार्यक्रम रखा गया है जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी भी बतौर मेहमान आएंगे। जुनैद ने बताया कि शादी में श्रीसंत जयपुरी रिवाज का डिजायनर ड्रेस पहनेंगे।
पहचान की गोपनीयता की शर्त पर श्रीसंत के नजदीकी ने बताया कि दोनों के बीच पिछले कई वर्षो से संबंध चल रहा था, और स्पॉट फिक्सिंग के बाद जब श्रीसंत को जेल हुई तो ऐसी कठिन परिस्थितियों में उनकी भावी पत्नी ने हमेशा उनका साथ दिया और उनका सहारा बनीं। उल्लेखनीय है कि इंडियन प्रीमियर लीग के छठे संस्करण में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में 16 मई को गिरफ्तार होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने श्रीसंत के खिलाफ किए गए जांच के बाद उन्हें क्रिकेट के सभी प्रारूपों में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया।