नई दिल्लीः वेस्टइंडीज की टीम को न्यूजीलैंड के हाथों बुरी तरह से हार मिली है। कैरेबियाई टीम दोनों पारियों में केन विलियमसन का बनाया व्यक्तिगत स्कोर भी छू नहीं सकी और पारी की हार वाली भारी जिल्लत का सामना कर गई।
न्यूजीलैंड की पहली पारी में 251 रन बनाने वाले केन को मैन ऑफ द मैच दिया गया है। उनके प्रदर्शन के दम पर कीवियों ने 7 विकेट खोकर 519 पर पारी घोषित कर दी थी। जाहिर है उनको दोबारा बैटिंग की तकलीफ वेस्टइंडीज ने नहीं उठाने दी।
भारी-भरकम स्कोर के बोझ तले दबी विंडीज पहली पारी में 138 रन बनाकर ढेर हो गई। अनुभवी गेंदबाज टिम साउदी ने 35 रन देकर 4 विकेट लिए और वे धीरे-धीरे 300 टेस्ट विकेट की ओर नजदीक आ चुके हैं।
दूसरी पारी में विंडीज टीम दो पारियों के दम पर 200 का स्कोर पार कर गई लेकिन 247 पर ही आउट हो गई। इस तरह से न्यूजीलैंड ने ये टेस्ट मैच एक पारी और 134 रनों से जीत लिया है। नील वेगनर ने 66 रन देकर 4 विकेट लिए।
वेस्टइंडीज की ओर से जर्मेन ब्लैकवुड ने 104 रन बनाए जबकि अल्जारी जोसेफ ने 86 रन बनाए।
इससे पहले केन विलियमसन द्वारा खेली गई 412 गेंदों पर 251 रनों की पारी ने ही मैच का फैसला कर दिया था। कीवी कप्तान ने 34 चौके और 2 छक्के लगाए।
इससे पहले कैरेबियन टीम को टी20 सीरीज में भी करारी हार मिली थी जब तीन मैचों की श्रंखला को मेजबानों ने 2-0 से जीता था क्योंकि तीसरा मुकाबला बारिश के चलते बिना किसी परिणाम के रह गया था। अब टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच 11 दिसंबर को होना है जो कि वेल्गिंटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा।