आईपीएल के आरंभिक दस्तावेज बोर्ड को भेजे : मोदी
वेतुरी श्रीवत्स
नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के निलंबित चेयरमैन और आयुक्त ललित मोदी ने शनिवार को कहा कि आईपीएल से संबंधित आरंभिक दस्तावेजों को भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के पास भेज दिया गया है।
मोदी ने कहा कि मूल दस्तावेजों के साथ नोटरी से प्रमाणित दस्तावेजों की प्रतियां बोर्ड के मुख्य प्रशासक रत्नाकर शेट्टी को सौंपी गई। उन्होंने कहा कि बाकी कागजातों और फाइलों को जल्द ही भेज दिया जाएगा।
मोदी ने आईएएनएस के साथ बातचीत में उन आरोपों का खंडन किया जिसमें आईपीएल से संबंधित दस्तावेजों के गायब होने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि जो कुछ उनके अधिकार में है वह उसे सौंप देंगे।
मोदी ने कहा, "मैंने कुछ भी नहीं छिपाया है और इस विश्वास पर कायम हूं कि सच की जीत होगी।"
बीसीसीआई ने आदेश दिया था कि कोई भी पदाधिकारी आईपीएल से जुड़े दस्तावेजों को घर नहीं ले जाएगा।
विभिन्न आरोपों के घेरे में आए मोदी दस्तावेजों के सौंपने को लेकर दुविधा में थे।
इसी बीच गुरुवार को उन्होंने आईपीएल के अंतरिम चेयरमैन चिरायु अमीन को पत्र लिखा कि अपने शर्त के बावजूद आईपीएल से जुड़ी सारी फाइलों, दस्तावेजों और बोर्ड के सचिव उनसे जो भी दस्तावेज मांगेंगे वह उसे सौंप देंगे।
सभी दस्तावेजों को बोर्ड के एक अधिकृत अधिकारी द्वारा प्राप्त किया जाना चाहिए। इस अधिकारी को सौंपे गए एक-एक दस्तावेज को प्रमाणित करना चाहिए।
मोदी ने सौंपे जाने वाले बाकी दस्तावेजों की एक भारी-भरकम सूची तैयार करवाई है। इस सूची को भी नोटरी द्वारा प्रमाणित कराया गया है।
मोदी ने कहा, "मुंबई में बीसीसीआई मुख्यालय के क्रिकेट सेंटर में इन सभी दस्तावेजों को रत्नाकर शेट्टी को सौंप दिया जाएगा।"
मोदी चाहते हैं कि आईपीएल की गवर्निग काउंसिल उन्हें वे दस्तावेज मुहैया कराए जिनके आधार पर उन पर आरोप लगाए गए।
काउंसिल ने मोदी को उन पर 26 अप्रैल को लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया है।
मोदी पर मुख्य रूप से पांच आरोप लगाए गए हैं जिनमें राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स इलेवन के लिए बोली से जुड़ा विवाद, प्रसारण अधिकार, दो नई फ्रेंचाइजी की बोली में हेराफेरी, इंटरनेट अधिकार और मोदी का व्यवहार शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications