आईपीएल विवाद : मोदी पर आरोप तय, अमीन अंतरिम कमिश्नर (राउंडअप)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष शशांक मनोहर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 14 सदस्यीय गवर्निग काउंसिल के 12 सदस्यों ने हिस्सा लिया। मोदी तथा जम्मू एवं कश्मीर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला इस बैठक में शामिल नहीं हुए। बैठक के बाद पत्रकारों से मुखातिब मनोहर ने स्वीकार किया कि बीसीसीआई मुख्यालय से कुछ जरूरी दस्तावेज गायब हो गए हैं।
मनोहर ने पत्रकारों से कहा, "मोदी के निलंबन के बाद हमने आईपीएल के दैनिक कार्यो के क्रियान्वयन के लिए अमीन को अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया है। मोदी पर कुल 22 आरोप तय किए गए हैं और जवाब दाखिल करने के लिए उन्हें 15 दिनों का समय दिया गया है। मोदी पर लगाए गए आरोपों में वित्तीय अनिय्मितताओं से लेकर फ्रेंचाइजी की बोली और प्रसारण अधिकार से जुड़े समझौते में हेरा-फेरी की बात शामिल है। इन मामलों में बीसीसीआई की ओर से 34 पृष्ठों का एक आरोप पत्र दिया गया।"
मनोहर ने कहा कि काउंसिल नहीं चाहती कि आईपीएल के काम में किसी प्रकार की रुकावट आए और यही कारण है कि उसने साफ छवि वाले अमीन को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। अमीन गुजरात के प्रमुख उद्योगपति हैं। उनकी दवाई बनाने वाली कंपनी-एलेंबिक फार्मस्यूटिकल्स ने बड़ौदा में तीन बेहतरीन मैदान बनाए हैं और वह उनका देखरेख कर रही है।
मनोहर ने स्वीकार किया कि बीसीसीआई मुख्यालय से कुछ जरूरी दस्तावेज गायब हो गए हैं। मनोहर के मुताबिक आयकर विभाग लगातार इन्हीं दस्तावेजों की मांग कर रहा है। बकौल मनोहर, "हमें इस बात की जानकारी है कि मुख्यालय से कुछ जरूरी दस्तावेज गायब हो गए हैं। दस्तावेजों की जांच का काम मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी को सौंपा गया है। आयकर विभाग हमसे लगातार इन दस्तावेजों की मांग कर रहा है लेकिन हम उन्हें ये दस्तावेज मुहैया नहीं करा पा रहे हैं।"
बैठक में शामिल होने वाले इन सदस्यों में आईसीसी के विशेष सलाहकार आई. एस. बिंद्रा, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष एम.पी. पांडोव, अमीन, मीडिया प्रभारी राजीव शुक्ला, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अरुण जेटली, संयुक्त सचिव संजय जगदाले, सचिव एन. श्रीनिवासन, आईपीएल के उपाध्यक्ष निरंजन शाह, रवि शास्त्री, सुनील गावस्कर एवं मंसूर अली खान पटौदी शामिल हैं। अब्दुल्ला किसी वजह से समय रहते मुंबई नहीं पहुंच सके।
मनोहर ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के तीन पूर्व कप्तानों-गावस्कर, शास्त्री और पटौदी को सोमवार को आईपीएल के चौथे संस्करण के लिए टीमों के संयोजन, नए सिरे से होने वाली नीलामी के लिए 'जमीन' तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मनोहर ने कहा कि गावस्कर, शास्त्री और पटौदी को 2011 आईपीएल के लिए टीमों में देसी तथा विदेशी खिलाड़ियों के चयन और उनकी संख्या निर्धारित करने की जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएल-4 के लिए इस वर्ष टीमों को खिलाड़ियों के लिए नए सिरे से बोली लगानी पड़ेगी।
उल्लेखनीय है कि रविवार देर रात मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए आईपीएल खिताबी मुकाबले के फौरन बाद मोदी को आईपीएल के चैयरमैन और कमिश्नर पद से निलंबित कर दिया गया। मनोहर ने ईमेल के जरिए भेजे गए संदेश के माध्यम से निलंबन के साथ ही मोदी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया। बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारी देर रात तक मुख्यालय में ही रहे।
इस बीच, फिल्म अभिनेत्री और आईपीएल के राजस्थान रॉयल्स टीम की ब्रांड एंबेस्डर शिल्पा शेट्टी ने उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें कहा जा रहा है कि वह तथा उनके उद्योगपति पति राज कुंद्रा की राजस्थान टीम में कोई हिस्सेदारी नहीं है।
सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट 'ट्विटर' पर सोमवार को दी गई अपनी टिप्पणी में शिल्पा ने लिखा है, "सुबह उठी तो टीवी पर देखा कि हमारे राजस्थान टीम के हिस्सेदार होने पर सवाल उठाए जा रहे हैं। मैं सिर्फ इतना कहना चाहती हूं कि इसमें कोई शक नहीं कि मेरे पति राज इस टीम में हिस्सेदार हैं और मैं इस टीम की ब्रांड एंबेस्डर हूं। यही सच्चाई है।"
बीसीसीआई अध्यक्ष मनोहर ने सोमवार को गवर्निग काउंसिल की बैठक के बाद कहा था कि राज और शिल्पा के नाम राजस्थान टीम के हिस्सेदारों के रूप में दर्ज नहीं हैं। इस संबंध में बीसीसीआई के पास कोई दस्तावेजी सबूत नहीं हैं। मनोहर के इस बयान के बाद यह खबर आने लगी कि राज और शिल्पा का नाम दस्तावेजों में इसलिए मौजूद नहीं है क्योंकि आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने उनके माध्यम से आईपीएल में आंशिक हिस्सेदारी ले रखी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications