नई दिल्ली। भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच निदहास ट्रॉफी के तहत टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला खेली जाएगी। 6 मार्च से इस सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। गौरतलब है कि भारतीय टीम अभी दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है। इस दौरे के बाद भारतीय टीम श्रीलंका में निदहास ट्रॉफी में खेलेगी। टूर्नामेंट के सभी मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाएंगे।
लेकिन भारतीय फैंस के लिए बुरी खबर है। दरअसल खबरों की मानें तो विराट कोहली के संभावित आराम मांगने की इच्छा पर बीसीसीआई ने हामी भरी दी है। जल्द ही सेलेक्टर्स श्रीलंका में उसकी आजादी के 70 साल पूरे होने पर आयोजित होने जा रही निदहास ट्रॉफी (टी-20 त्रिकोणीय सीरीज) के लिए टीम इंडिया का ऐलान करेंगे। खबरों की मानें, तो बोर्ड ने तीन अहम खिलाड़ियों को आराम देने का पूरा मन बना लिया है। कहा जा रहा है कि खिलाड़ियों का वर्क लोड कम करने के लिए उन्हें आराम दिया जा रहा है लेकिन इस आराम के पीछे एक और खास वजह है।
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले के बाद बीसीसीआई की तरफ से यह बयान आया था कि अगर भारतीय कप्तान विराट कोहली रेस्ट चाहते हैं, तो बोर्ड को कोई आपत्ति नहीं है। और उन्हें आराम दिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सीरीज से कप्तान विराट कोहली के अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को आराम दिया जा सकता है। आराम के पीछे का एक और कारण इंडियन प्रीमियर लीग भी है। कुछ खिलाड़ियों ने खुद आईपीएल से पहले आराम की इच्छा जतायी है। और बोर्ड ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
हालांकि इन खिलाड़ियों को आराम देने के अलावा बीसीसीआई अन्य युवा खिलाड़ियों को मौका दे सकता है। हाल-फिलहाल दिल्ली के ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों ने विजय हजारे ट्रॉफी में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्हें मौका मिल सकता है। सीरीज का फाइनल मुकाबला 18 मार्च को खेला जाएगा।