Nidahas Trophy 2018: सीरीज से पहले रोहित शर्मा ने दिया ऐसा बयान, सभी कर रहे सम्मान
कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच निदहास त्रिकोणीय टी20 सीरीज का पहला मैच कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेली जाने वाली इस सीरीज का पहला मैच भारत और मेजबान श्रीलंका के बीच है। श्रीलंका की आजादी के 70 साल पूरे होने के मौके पर यह सीरीज आयोजित की जा रही है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे और फिर टी20 सीरीज में जीत का परचम फहराने के बाद टीम इंडिया अब श्रीलंका में मंगलवार से शुरू हो रही टी20 ट्राई सीरीज के लिए तैयार है। ट्राई सीरीज के लिए श्रीलंका गई टीम में विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव जैसे धाकड़ खिलाड़ी जरूर नहीं हैं। इसके बावजूद भारत को इस सीरीज में जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया धमाल मचाने के लिए तैयार है। वैसे तो कहा जा रहा है कि भारत सीरीज की फेवरेट टीम है लेकिन खुद रोहित इस बात से मतलब नहीं रखते। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को लगता है कि टी-20 सीरीज में कोई भी जीत सकता है। रोहित शर्मा श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच से पहले पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, 'हम दावेदार हैं या नहीं, मैं इस बारे में नहीं सोच रहा हूं।'
रोहित शर्मा ने कहा कि, 'टी-20 एक ऐसा प्रारूप है जिसमें किसी भी दिन कोई भी टीम जीत सकती है। खेल किसी भी पल आपके हाथ से फिसल सकता है। किसी भी दिन कोई भी टीम किसी को मात दे सकती है। यह इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) की तरह है। कुछ टीमें मजबूत होती हैं लेकिन नियत दिन कोई भी टीम जीत सकती है'।
हालांकि रोहित खुद कुछ भी कहें लेकिन आंकड़े उनके ही पक्ष में हैं। बतौर टी20 कप्तान शुरुआत के सभी 4 मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान की उपलब्धि हासिल करने वाले हिटमैन रोहित शर्मा अपना ये प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे। रोहित के नाम श्रीलंका के खिलाफ वनडे में दो दोहरे शतक व टी20 में संयु्क्त रूप से सबसे तेज शतक भी शामिल है। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने चार टी20 में कप्तानी की है और चारों जीते हैं। रोहित को टी20 क्रिकेट का सबसे विध्वंसक क्रिकेटर माना जाता है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
