धर्मशाला। भारत-दक्षिण अफ्रीका टी20 मैच के दौरान स्टेडियम में वीआईपी मेहमानों को शराब नहीं परोसी जायेगी क्योंकि जिस दिन यह मैच होने वाला है उस दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्मदिन है।
इस बात की जानकारी कांगड़ा के डीसी रितेश चौहान ने मीडिया को दी। उन्होंने कहा कि यह मैच राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस के दिन होगा इसलिए पूरे देश में 'ड्राई डे' रहेगा।
मालूम हो कि एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मैच महात्मा गांधी-नेल्सन मंडेला श्रृंखला का पहला मैच है। कांगड़ा ने कहा कि इस बारे में भारत दक्षिण अफ्रीका टी20 मुकाबले का आयोजन कर रहे अधिकारियों को बता दिया गया है।
गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में टीम इंडिया शुक्रवार को पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी जिसके साथ तीन टी20, पांच वनडे और चार टेस्ट मैचों की 72 दिन लंबी श्रृंखला की शुरुआत होगी।