नई दिल्ली। भारत में 17 सितंबर से प्रारम्भ होने वाली चैम्पियंस लीग टी20 में पाकिस्तान की टीम 'फैसलाबाद वोल्वस' नहीं खेल सकेगी। गौरतलब है कि भारत सरकार ने सुरक्षा कारणों से टीम को वीजा देने से इंकार कर दिया है।
सीएनएन आईबीएन की एक खबर के मुताबिक भारत सरकार ने टीम का वीसा काफी समय से होल्ड पर रखा था लेकिन नियंत्रण रेखा 'लाइन आफ कंट्रोल' पर तनाव बढ़ने से मंत्रालय ने वीसा नहीं जारी किया है।
इस मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने 13 अगस्त को कहा था कि पाकिस्तान टीम के वीसा विदेश मंत्रालय को मिल चुके हैं। हम अनुमति देने से पहले इन सभी मामलों पर पूर्ण विचार करेंगे। वोल्वस पाकिस्तान की टूर्नामेंट में खेलने वाली एकमात्र टीम है, जिसे मोहाली में अपना पहला क्वालीफाईंग मैच खेलना था। इस टीम के कप्तान मिस्बाह उल हक हैं। उन्होने कहा था कि मुझे उम्मीद है कि हम भारत में खेल सकेंगे। ऐसा हमारे खिलाडि़यों के लिए बेहद जरूरी है क्योंकि अभी वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ज्यादा अनुभवी नहीं है।