टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डेक्कन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति तक छह विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए।
डेक्कन की ओर से रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 45 रनों का योगदान दिया जबकि एंड्रयू सायमंड्स ने 35, हर्शेल गिब्स ने 31 और कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने 24 रन जोड़े।
रोहित ने 30 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के लगाए। सायमंड्स ने 24 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से तेज पारी खेली। गिब्स ने भी 26 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाए जबकि कप्तान ने 14 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का जड़ा।
तिरुमालासेत्ती सुमन 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर नाबाद लौटे। पारी की शुरुआत करने आए मोहनीश मिश्रा (1) और वेणुगोपाल राव (1) ने निराश किया।
चमिंडा वास ने भी नाबाद तीन रन बनाए। दिल्ली की ओर से मोएसिस हेनरिक्स, सरबजीत लाडा, अमित मिश्रा, डिर्क नैन्स और योगेश नागर नागर ने एक-एक विकेट लिए।
आईपीएल के तीसरे संस्करण में डेयर डेविल्स का यह पांचवां और डेक्कन चार्जर्स का चौथा मैच है। डेयर डेविल्स को दो मैचों में हार और दो में जीत मिली है जबकि डेक्कन ने अपने दो मैच जीते हैं। एक में उसे भी हार मिली है।
उद्घाटन मुकाबले में कोलकाता नाइट राइर्ड्स के हाथों 11 रन से हारने के बाद डेक्कन की टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब को हराया है। डेक्कन की टीम आईपीएल की मौजूदा चैम्पियन है।
दूसरी ओर, डेयर डेविल्स की टीम राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन के खिलाफ लगातार दो जीत हासिल करने के बाद मुंबई इंडियंस और सुपर किंग्स के हाथों हार चुकी है। डेयर डेविल्स को दोनों हार अपने घरेलू मैदान पर मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।