कोलंबो। श्रीलंका के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज के लिए उपकप्तान नियुक्त किए सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा बेहद खुश हैं। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में मौका न मिलने के बाद अब रोहित शर्मा की निगाहें वनडे में कोहराम मचाने की है। गौरतलब है कि दो बार दोहरे शतक लगा चुके रोहित शर्मा ने वनडे का बेस्ट स्कोर (264) श्रीलंका के खिलाफ ही बनाया था।
हालांकि अब रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में धाकड़ गेंदबाज लसिथ मलिंगा का सामना करने के लिए स्पेशल योजना बनाई है। दरअसल रोहित अपने दो साथियों केएल राहुल और अक्षर पटेल के साथ पल्लेकल इंटरनेशनल स्टेडियम में अभ्यास के लिए पहुंचे थे। इस दौरान रोहित ने पैडल स्वीप, पारंपरिक स्वीप और रिवर्स स्वीप का भी जमकर अभ्यास किया। इस अभ्यास में रोहित ने उन शॉट्स की जमकर प्रैक्टिस की जिनसे मलिंगा की गेंदबाजी पर अटैक किया जा सके। रोहित शर्मा को लगता है कि मलिंगा की धुनाई करने के लिए स्वीप शॉट सबसे बड़ा हथियार है।
उन्होंने बताया कि, "वर्तमान क्रिकेट में इस तरह के शॉट्स की आवश्यकता होती है। आपको ज्यादा से ज्यादा रन बनाने के लिए अलग-अलग शॉट्स खेलने आने चाहिए। मैंने भी लसिथ मलिंगा और उनके गेंदबाजों का सामना करने के लिए स्पेशल प्लान बनाया है और इसी के तहत मैंने इस स्वीप शॉट्स का अभ्यास किया। खेल में आपको रोज नई बात सीखने को मिलती है।"
आपको बता दें कि लसिथ मलिंगा आईपीएल में रोहित शर्मा की कप्तानी में मुबंई इंडियंस की तरफ से खेलते हैं। ऐसे में रोहित शर्मा को मलिंका की गेंदबाजी टेक्निक को आसानी से परखने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
रोहित शर्मा ने टेस्ट सीरीज में न खेल पाने को लेकर कहा- "टेस्ट क्रिकेट अब खत्म हो गया है, मैं सिर्फ वनडे के बारे में सोच रहा हूं। कोई भी बाहर बैठना पसंद नहीं करता है, लेकिन फिर, यह सब टीम की गतिशीलता पर निर्भर करता है।"