नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की याचिका को कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स ने स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। सीओए के ओर से कहा गया है कि हमें कोहली की ओर से यह अपील की गई थी कि खिलाड़ियों की पत्नी को विदेश दौरे के दौरान साथ रहने दिया जाए। सीओए की ओर से कहा गया है कि हम इसपर कोई फैसला लेने नहीं जा रहे हैं। इसका फैसला नए चुने हुए सदस्य करेंगे। फिलहाल के लिए नीति में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
आपको बता दें कि विराट कोहली ने बीसीसीआई से अपील की थी कि क्रिकेट बोर्ड खिलाड़ियों की पत्नी को विदेश में होने वाले पूरे दौरे के दौरान साथ रहने की अनुमति दे। आपको बता दें कि मौजूदा नीति के अनुसार खिलाड़ियों की पत्नी और सपोर्ट स्टाफ की पत्नी दो हफ्तों तक ही साथ रह सकती हैं। सूत्रों की मानें तो सीओए ने भारतीय टीम के मैनेजर सुनील सुब्रमण्यम से कहा है कि वह इस बाबत आधिकारिक अपील करें, लेकिन वह इस बाबत अभी कोई फैसला नहीं लेंगे।
गौर करने वाली बात है कि इस बात को लेकर हमेशा से सवाल उठता रहा है कि क्या खिलाड़ियों की पत्नी को विदेश दौरे पर पति के साथ जाना चाहिए। 2007 में जिस तरह से एशेज श्रंखला में इंग्लैंड की टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। 2015 में भी पूर्व ऑस्ट्रेलेयाई खिलाड़ी ईयान हिली ने कहा था कि कहा था कि पत्नी और गर्लफ्रैंड ऑस्ट्रेलिया के शर्मनाक प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार हैं।
इसे भी पढ़ें- टीम इंडिया को मिल गया एक और तूफानी बल्लेबाज, 135 गेंदों में जड़ा दोहरा शतक