फतुल्लाह। भारत-बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा एक मात्र टेस्ट मैच बारिश के चलते बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। चौथे दिन के खेल को बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया है। अब मैच के आखिरी दिना का खेल कल सुबह 9.30 बजे शुरु होगा।
मैच में बारिश ने दो बार खलल डाली थी जिसकी वजह से सिर्फ 30.1 ओवर का ही खेल हो सका। दोपहर तकरीबन 11.30 बजे काले बादल छाने के बाद शुरु हुई बारिश के बाद मैच दोबारा कुछ ही देर के लिए शुरु हुआ। जिसके बाद तीन बार मैदान का निरीक्षण करने के बाद अंपायरों ने चौथे दिन के खेल को खत्म घोषित कर दिया।
मैच के चौथे दिन खेले गए 30.1 ओवरों में बांग्लादेश ने तीन विकेट खोकर 111 रन बनाए। वहीं आर. अश्विन ने दो जबकि हरभजन सिंह ने एक विकेट अपने नाम किये। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते भारत की टीम ने 462 रनों पर छह विकेट खोकर अपनी पारी घोषित कर दी थी।