इस्लामाबाद। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सलामी बल्लेबाज शर्जील खान पर स्पॉट फिक्सिंग के मामले में पांच साल का बैन लगा दिया है। बुधवार को जस्टिस (सेवानिवृत्त) असगर हैदर की अध्यक्षता वाली एक तीन-सदस्यीय ट्राइब्यूनल ने स्पॉट फिक्सिंग में शरजील खान को दोषी पए जाने के बाद बैन लगा दिया है। आपको बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में स्पॉट फिक्सिंग मामले की जांच के लिए इस ट्राइब्यूनल का गठन किया था।
गौरतलब है कि इस्लामाबाद युनाइटेड और पेशावर जल्मी के बीच पाकिस्तान सुपर लीग के उद्घाटन मैच में स्पॉट फिक्सिंग में कथित भूमिका के संदेह के कारण शरजील को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने फरवरी में निलंबित कर दिया था।
पाकिस्तान सुपर लीग के दूसरे सीजन में शरजील खान के अलावा खालिद लतीफ और 3 अन्य खिलाड़ियों का नाम स्पॉट फिक्सिंग में आया था। मोहम्मद सामी, और उमर अकमल भी स्पॉट फिक्सिंग के मामले में सामने आए लेकिन इनके खिलाफ ज्यादा सबूत न मिलने की वजह से इन खिलाड़ियों को क्रिकेट खेलने की इजाजत दे दी गई थी।