सिडनी, 15 जून (आईएएनएस)। अपने समय के प्रसिद्ध आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज नील हार्वे ने दोहराया है कि उन्होंने अपने देश के मौजूदा क्रिकेट खिलाड़ियों को उग्र व्यवहार वाले खिलाड़ी नहीं कहा है।
आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सैम लक्सटन ने 79 वर्षीय हार्वे के बारे में कहा था कि उन्होंने आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के मौजूदा कप्तान रिकी पोंटिंग को मैदान में व्यवहार पर नियंत्रण रखने के लिए जल्दी ही कुछ करने की सलाह दी थी।
समाचार पत्र 'हेराल्ड सन' के मुताबिक इस मसले पर हार्वे ने इंग्लैंड के अपराजेय दौरे की 60 वीं वर्षगांठ के मौके पर कहा, "मैंने उनके उस व्यवहार के बारे में कहा था जिसे पोंटिंग पसंद नहीं करते।"
गौरतलब है कि भारतीय टीम के पिछले आस्ट्रेलिया दौरे में काफी विवाद हुआ था। उस दौरान मीडिया के समक्ष दिए अपने बयानों के कारण पोंटिंग सुर्खियों में रहे थे। हार्वे उसी मामले में टिप्पणी करने के लिए विवादों में आए।
हार्वे ने कहा, "उसने (पोंटिंग) तब जो कुछ भी कहा हो, मैंने कोई टिप्पणी नहीं की है। भारत के साथ पिछली श्रृंखला के दौरान मुझे उनका व्यवहार पसंद नहीं आया था और मैंने इस बारे में प्रेस के माध्यम से उन्हें अपनी राय बताई थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।