जावेद मियांदाद ने बताया किस भारतीय खिलाड़ी को करते हैं सबसे ज्यादा पसंद, बताई खूबियां
नई दिल्ली। पिछले कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट ने अपने खिलाड़ियों और सहायक स्टाफ की मदद से काफी तरक्की कर ली है। मौजूदा समय में आईसीसी रैंकिंग के अनुसार यह भारतीय टीम दुनिया की नंबर 1 टेस्ट टीम जबकि वनडे में दूसरे नंबर की टीम बनी हुई है। पिछले कुछ सालों में अपने अच्छे प्रदर्शन में निरंतरता को बरकरार रखने की वजह से भारतीय टीम ने लगातार क्रिकेट की दुनिया में अपनी बादशाहत को कायम रखा हुआ है। भारतीय टीम को विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, रोहित शर्मा, रविंद्र जडेजा और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के चलते नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। भारतीय टीम के इस प्रदर्शन को देखकर दुनिया को कोई भी देश हो वह उसका फैन बन जाता है। ऐसा ही कुछ पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान जावेद मिंयादाद के साथ भी हुआ है।
और पढ़ें: PSL 2020 से बाहर होने के बाद उमर अकमल पर गिरेगी बड़ी गाज, अब लग सकता है आजीवन बैन
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने हमेशा ही भारत के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया हुआ था फिर चाहे वो मैदान के अंदर हो या फिर मैदान के बाहर। दोनों देशों के बीच जिस प्रकार की प्रतिस्पर्धा हमेशा देखने को मिली है जावेद मियांदाद उसमें अपनी आक्रामकता को डाल कर और खतरनाक बनाते रहे हैं। लेकिन भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन से वह भी अछूते नहीं रहे और इस टीम के फैन हो गये हैं। इस बीच जावेद मियांदाद ने अपने पसंदीदा भारतीय खिलाड़ी का नाम भी बताया जिसे खेलते देखना वो सबसे ज्यादा पसंद करते हैं।
और पढ़ें: BCCI अधिकारी ने सैयद मुश्ताक अली को बताया गरीबों का टूर्नामेंट, भड़के सुनील गावस्कर ने लगाई क्लास

जावेद मियांदाद ने बताया कौन है फेवरिट भारतीय खिलाड़ी
अपने यू-ट्यूब चैनल पर भारतीय खिलाड़ियों के बारे में बात करते हुए जावेद मियांदाद ने बताया कि कौन सा भारतीय खिलाड़ी उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है और ऐसी कौन सी खूबी है जिसके चलते वह उस प्लेयर के दीवाने हैं।
उन्होंने कहा, 'मुझसे पूछा गया कि भारतीय क्रिकेट टीम में मुझे कौन सा खिलाड़ी बेस्ट लगता है, तो इसका सिर्फ एक ही जवाब है, मैं हमेशा विराट कोहली के नाम को ही चुनूंगा। मुझे उनकी बारे में ज्यादा कुछ कहना भी नहीं पड़ेगा। उनकी परफॉर्मेंस खुद ही सब कुछ बताती है। उनके आंकड़े देखकर लोगों को मानना ही पड़ेगा कि वह बेस्ट हैं।'

बताया किस वजह से पसंद है विराट कोहली, जमकर की तारीफ
अपनी इस वीडियो में जावेद मियांदाद ने भारतीय कप्तान विराट कोहली के खेल की जमकर तारीफ की और बताया कि यह विराट कोहली का बेखौफ बल्लेबाजी का अंदाज है जिसे वह सबसे ज्यादा देखना पसंद करते हैं।
उन्होंने कहा, 'आप यह नहीं कह सकते कि विराट फास्ट बोलरों से डरते हैं और वह बाउंसी पिचों पर नहीं खेल सकते या फिर वह स्पिनर्स को अच्छा नहीं खेलते। वह क्लीन हिटर हैं। उनके शॉट्स देखें, उनको बैटिंग करते देख शानदार महसूस होता है।'
मियांदाद ने कहा कि विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका की असमत विकेट पर भी शानदार खेल दिखाया था और बल्लेबाजी के लिये इतनी मुश्किल पिच पर भी शतक जमाया था।

पाकिस्तान के पास नहीं है ऐसा प्लेयर जिसे कोई दूसरी टीम करना चाहे शामिल
अपनी इस वीडियो के दौरान 62 वर्षीय इस पूर्व कप्तान ने मौजूदा समय की पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भी खिंचाई करत हुए कहा कि हमारे पास एक भी ऐसा बल्लेबाज नहीं जो इन टीमों में खेल सके, कुछ गेंदबाज हो सकते हैं लेकिन बल्लेबाज बिल्कुल नहीं।
उन्होंने कहा, 'फिलहाल पाकिस्तान की टीम में कोई ऐसा खिलाड़ी नहीं है, जो ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड और भारत की टीमों में अपनी जगह बना सके। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या पाकिस्तान टीम में कोई ऐसा है, जो इन टीमों में खेलने के लायक हो।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
