PAK vs AUS: दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस, जाने कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप का दूसरा सेमीफाइनल मैच पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीम के बीच खेला जा रहा है, जिसमें जीत हासिल करने वाली टीम न्यूजीलैंड के साथ खिताबी जंग के लिये फाइनल में भिड़ेगी। बुधवार खेले गये पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने रोमांचक तरीके से वापसी करते हुए इंग्लैंड को 5 विकेट से मात देकर फाइनल में जगह बनाई है और अब दूसरे फाइनलिस्ट का इंतजार कर रही है। फैन्स के लिये दूसरा सेमीफाइनल काफी रोमांचक होने वाला है क्योंकि दोनों टीमें एक दूसरे से कम नहीं हैं, जहां पाकिस्तान की टीम अपने सभी मैच जीतकर यहां पहुंची है तो वहीं पर टूर्नामेंट की शुरुआत में कमजोर नजर आ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भी जबरदस्त वापसी कर ली है।
और पढ़ें: 'टीम नहीं चयनकर्ताओं की गलती से बाहर हुआ भारत', आकाश चोपड़ा ने गिनाई सेलेक्शन की खामियां
दुबई के मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान फिंच ने कहा कि विश्वकप में हम लगातार देख रहे हैं कि टॉस जीतकर गेंदबाजी करने वाली टीम को ज्यादा फायदा हो रहा है, खासतौर से दुबई की पिच पर, वहीं दूसरी पारी में ओस भी नजर आती है जिससे बल्लेबाजी आसान हो जाती है, इसी वजह से हम रनों का पीछा करने की ओर देख रहे हैं।

मैच में खेलेंगे मलिक-रिजवान
वहीं पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने प्लेइंग 11 पर बात करते हुए फैन्स को बड़ी राहत दी और मोहम्मद रिजवान और शोएब मलिक के खेलने पर मुहर लगा दी है। उल्लेखनीय है कि मैच से एक दिन पहले दोनों खिलाड़ियों के माइल्ड फ्लू से संक्रमित होने की खबर आयी थी जिसके बाद दोनों के इस अहम मैच में खेल पाने पर खतरे के बादल मंडरा रहे थे। हालांकि कोविड टेस्ट में नेगेटिव आने और टीम के मेडिकल डॉक्टर की ओर से फिट करार दिये जाने के बाद प्लेइंग 11 में बरकरार रखा गया है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

किसी एक टीम का विजय रथ रुकना पक्का
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच अब तक खेले गये टी20 मैचों के इतिहास की बात करें तो दोनों ने कुल 22 मैच खेले हैं जिसमें से 13 बार पाकिस्तान की टीम ने जीत हासिल की है तो वहीं पर 9 बार ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत मिली है। इतना ही नहीं पाकिस्तान की टीम ने यूएई में खेले अपने पिछले सभी 16 मैचों में जीत हासिल की है और वो एक बार फिर इस मैच में अजेय रहने की ओर देख रही है। भले ही बाबर आजम की टीम इन आंकड़ों में ऑस्ट्रेलियाई टीम पर भारी नजर आती है लेकिन टी20 विश्वकप मुकाबलों में कंगारू टीम काफी आगे है।
टी20 विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अब तक 3 बार नॉकआउट स्टेज पर पाकिस्तान का सामना किया है और हर बार उसे जीत मिली है। ऐसे में अगर ऑस्ट्रेलिया की टीम चौथी बार पाकिस्तान को हराने में कामयाब रहती है तो फैन्स को इस टी20 विश्वकप में एक नया चैम्पियन देखना बिल्कुल तय हो जायेगा। दुबई के मैदान पर खेले जा रहे इस मैच का नतीजा कुछ भी आये लेकिन एक बात तो तय है कि किसी एक टीम का विजय रथ तो रुकेगा फिर वो पाकिस्तान का यूएई में लगातार जीत का रिकॉर्ड हो या फिर ऑस्ट्रेलिया का आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट मैचों में अजेय रहने का।

जानें कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
पाकिस्तान की प्लेइंग 11: मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (सी), फखर जमान, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, आसिफ अली, इमाद वसीम, शादाब खान, हसन अली, हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11 : डेविड वार्नर, एरोन फिंच (कप्तान), मिशेल मार्श, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications