
बाबर आजम ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
हालांकि पावरप्ले के समाप्त होने के बाद कप्तान बाबर आजम (70) और मोहम्मद रिजवान (79) ने तेजी से रन बनाते हुए पहले विकेट के लिये 113 रनों की साझेदारी की। इस दौरान बाबर आजम ने टी20 विश्वकप में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये। अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में बाबर आजम का यह बतौर कप्तान 14वां अर्धशतक रहा, जिसके साथ ही वह विराट कोहली को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले कप्तान बन गये हैं। विराट कोहली ने अब तक सिर्फ 13 ही अर्धशतक लगाये हैं। बाबर आजम ने अपनी इस पारी में 49 गेंदो का सामना किया और 7 चौके लगाकर 70 रनों की पारी खेली। डेविड वीज ने उन्हें फ्रीलिंक के हाथों कैच कराया।

टी20 क्रिकेट में पूरे किये 2400 रन
बाबर आजम ने अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दम पर अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 2400 रनों के आंकड़े को पार कर लिया और इस आंकड़े को छूने वाले दुनिया के 8वें खिलाड़ी बन गये हैं। बाबर आजम ने इस आंकड़े को छूने के लिये 60 पारियों की मदद ली जिसमें उन्होंने 48 की औसत के साथ रन बनाये और एक शतक, 23 अर्धशतकीय पारियां खेली। बाबर आजम ने सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय टी20 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पाकिस्तान के शोएब मलिक (2380) और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर (2345) को पीछे छोड़ने का काम किया।

बाबर-रिजवान ने तोड़ा धवन-रोहित का रिकॉर्ड
बाबर आजम ने इस मैच में मोहम्मद रिजवान के साथ पहले विकेट के लिये 113 रनों की साझेदारी की और अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की इस जोड़ी ने सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी के मामले में भारत के शिखर धवन-रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को तोड़ा जिन्होंने 4 बार शतकीय साझेदारी करने का कारनामा किया था। अब पाकिस्तान की इस सलामी जोड़ी ने 5 बार शतकीय साझेदारी करने का रिकॉर्ड बना लिया है।

ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने मोहम्मद रिजवान
बाबर आजम के अलावा इस मैच में मोहम्मद रिजवान ने भी अर्धशतक लगाने का काम किया और 50 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्के लगाकर नाबाद 79 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही मोहम्मद रिजवान ने 2021 में 900 से ज्यादा रनों के आंकड़े को पार कर लिया और अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट के एक कैलेंडर ईयर में 900 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गये हैं। मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान के लिये इस साल अब तक एक शतक और 9 अर्धशतक जड़ चुके हैं। रिजवान के अलावा मोहम्मद हाफिज ने भी 16 गेंदों में 5 चौके लगाकर 32 रनों की पारी खेली जिसके चलते पाकिस्तान की टीम 189 रन के स्कोर पर पहुंच सकी।

नामिबिया ने दिखाया जुझारुपन
जवाब में रनों का पीछा करने उतरी नामिबिया की टीम ने दूसरे ही ओवर में वैन लिंगेन का विकेट खो दिया जिसके बाद उन्होंने संभली हुई शुरुआत की और दूसरे विकेट के लिये 47 रनों की साझेदारी कर डाली। हैरिस राउफ ने रन आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा, जिसके बाद क्रेग विलियम्स (40) ने गेरार्ड इरेसमस (15) के साथ 28 रनों की साझेदारी की लेकिन इसके बाद नामिबिया की टीम नियमित अंतराल पर विकेट खोती चली गई। पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने नामिबिया की टीम ने 5 विकेट खोकर निर्धारित 20 ओवर्स में 144 रनों का स्कोर खड़ा किया और पाकिस्तान ने इस मैच को 45 रनों से जीत लिया।


Click it and Unblock the Notifications